देशबड़ी खबर

दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश समेत कई जगह भूकंप के जोरदार झटके, 6.2 की तीव्रता से कांपी धरती

नई दिल्ली। नेपाल में आए भूकंप के कारण दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नेपाल में 25 मिनट के अंतराल पर 4.6 और 6.2 तीव्रता के दो झटके आए।

एक अधिकारी ने बताया कि 4.6 तीव्रता का पहला भूकंप का झटका अपराह्न 2:25 बजे नेपाल में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में आया। अपराह्न 2:51 बजे हिमालयी राष्ट्र में एक बार फिर तेज भूकंप का झटका आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी लोगों ने दूसरे भूकंप के बाद तेज झटके महसूस किए और अपने कार्यालयों और ऊंची इमारतों से बाहर निकल आए।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से न घबराने की अपील की है। दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “हमें उम्मीद है कि आप सब सुरक्षित हैं। कृपया अपनी इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर आ जाएं, लेकिन घबराएं नहीं। लिफ्ट का इस्तेमाल न करें। किसी भी आपातकालीन मदद के लिये 112 पर फोन करें।” चंडीगढ़ और जयपुर समेत उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये। जयपुर में पुलिस नियंत्रण कक्ष ने कहा कि अभी तक किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button