देशबड़ी खबर

मणिपुर क्रूरता : महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में पांचवां आरोपी हुआ गिरफ्तार

इंफाल। हिंसा प्रभावित मणिपुर में भीड़ द्वारा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। 19 जुलाई को इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद से पूरे देश में आक्रोश है। पुलिस के मुताबिक, पांचवें आरोपी की पहचान 19 वर्षीय युवक के रूप में की गई है।

चार मई को मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को शुक्रवार को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इन लोगों को घटना का वीडियो प्रसारित होने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद भीड़ ने उसका घर आग के हवाले कर दिया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में मुख्य आरोपी कांगपोकपी जिले के बी फेनोम गांव में भीड़ को स्पष्ट रूप से उकसाता नजर आ रहा है।

उसने बताया कि जिन दो महिलाओं के साथ यह शर्मनाक घटना हुई, उनमें से एक भारतीय सेना के पूर्व जवान की पत्नी है, जिसने असम रेजिमेंट में सूबेदार के रूप में सेवाएं दी थीं और करगिल युद्ध में भी हिस्सा लिया था। घटना से जुड़े वीडियो को लेकर कांगपोकपी जिले के सैकुल पुलिस थाने में 21 जून को शिकायत दर्ज कराई गई थी।

मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, भीड़ ने चार मई को एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी, जिसने कुछ लोगों को अपनी बहन से दुष्कर्म करने से रोकने की कोशिश की थी। प्राथमिकी के मुताबिक, इसके बाद दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया और दूसरे लोगों के सामने ही उनका यौन उत्पीड़न किया गया।

मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की बहुसंख्यक मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में तीन मई को ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद राज्य में भड़की जातीय हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button