देशबड़ी खबर

दिल्ली में I.N.D.I.A. गठबंधन की चौथी बैठक, 27 पार्टियों को न्यौता, दोपहर 3 बजे से होगी मीटिंग

दिल्ली में आज मंगलवार को विपक्षी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस यानी I.N.D.I.A. गठबंधन की चौथी बैठक है। पटना, बेंगलुरु और मुंबई के बाद गठबंधन की बैठकों का कारवां अब राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा है। बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस समेत विपक्ष के कुल 27 पार्टियों को न्यौता दिया गया है। गठबंधन नेताओं को उम्मीद है कि सभी पार्टियों के नेता बैठक में आएंगे। दिल्ली के अशोका होटल में बैठक दोपहर 3:00 बजे होगी। ममता बनर्जी, लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और अखिलेश यादव समेत प्रमुख नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज की बैठक में सीट शेयरिंग फार्मूला बनेगा।

पांच राज्यों में चुनाव के बाद बैठक

विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर होने जा रही है। गठबंधन इंडिया में शामिल पार्टियों के प्रमुख नेताओं की बैठक ऐसे वक्त पर हो रही है, जब हाल ही में हुए मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हैं। इसमें हिंदी भाषी राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा, तो मध्य प्रदेश में बीजेपी ने सत्ता बरकरार रखी। वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस जीती। इन चुनाव को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था। ऐसे में विपक्षी गठबंधन की ये मीटिंग काफी अहम है।

ममता, लालू, नीतीश समेत कई नेता पहुंचे

विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC चीफ ममता बनर्जी के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरजेडी के प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे दिल्ली पहुंच चुके हैं। विपक्षी गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद फैसला किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन सीट बंटवारे सहित सभी मुद्दों को सुलझा लेगा। ममता ने उम्मीद जताई कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस, टीएमसी और लेफ्ट का गठबंधन हो सकता है।

सीट बंटवारे समेत कई मुद्दों पर चर्चा

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के चीफ लालू प्रसाद ने दावा किया कि ‘I.N.D.I.A.’ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से बाहर कर देगा। उन्होंने कहा कि वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए हम एक सीट, एक उम्मीदवार के फॉर्मूले पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार हम केंद्र में सरकार बनाएंगे। बता दें कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक में अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीट के बंटवारे, साझा जनसभाओं और रणनीति बनाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button