उत्तर प्रदेशगोण्डाबड़ी खबर

गोंडा : कांग्रेस ने 70 सालों तक लटकाए रखा राम मंदिर का निर्माण

गोंडा। लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह के समर्थन में रविवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर 70 सालों तक राम मंदिर निर्माण का अटकाए रखने का आरोप लगाया। गृह मंत्री ने कहा कि  कांग्रेस ने 70 सालों तक राम मंदिर निर्माण को लटकाए रखा लेकिन नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के पांच वर्ष के भीतर ही न सिर्फ राम मंदिर का केस जीता बल्कि भूमि पूजन कर मंदिर का निर्माण कराया और श्री राम जी की प्राण प्रतिष्ठा भी करायी।

समाजनादी पार्टी के नेता प्रो रामगोपाल यादव के बयान पर कहा कि सपा नेता ने तो राम मंदिर पर लगाने के लिए बाबरी नाम का ताला तैयार कर रखा है।‌ अमित शाह ने जनता से सवाल किया कि अयोध्या में राम मंदिर करना चाहिए था या नहीं बनना चाहिए था तो लोगों ने कहा कि बनना चाहिए था। इस पर गृह मंत्री ने  कहा कि यह चुनाव रामभक्तों पर गोली चलाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों के बीच हो रहा है। ऐसे में सभी को सावधान रहना है।

शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित चुनावी जनसभा में 30 मिनट के विलंब से पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री ने अपने संबोधन की शुरूआत जय श्री राम के जयघोष से की‌। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख मंदिरों समेत, महर्षि पतंजलि, भगवान स्वामी नारायण, अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी व महाराजा देवी बक्श सिंह को प्रणाम किया। युवाओं को खुद से जोड़ते हुए उन्हे जिगर का टुकड़ा कहकर संबोधित किया और फिर नमस्कार किया।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि चुनाव नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का है। देश को विश्व में तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बनाने का है। पाकिस्तान और आतंकवादी की गोली का जवाब गोले से देने का चुनाव है। मोदी ने 140 करोड़ लोगों के सामने विकसित भारत निर्भर भारत का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को पूरा करने का काम गोंडा वालों का है। उन्होने मंच से अबकी बार चार सौ पार और एक बार फिर मोदी सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह मंजू, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, आशीष त्रिपाठी समेत भाजपा संगठन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस क्या दुनिया की कोई ताकत अब धारा 370 वापस नहीं ला सकती

कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कहती है कि सत्ता में आए तो धारा 370 को वापस लायेंगे लेकिन संसद में भाजपा का जबतक एक भी सांसद है कांग्रेस क्या दुनिया की कोई भी ताकत अब धारा 370 या ट्रिपल तलाक कानून को वापस नहीं ला सकती। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा 70 वर्षों से धारा 370 संभाल कर बैठे थे। कश्मीर में तिरंगा नहीं फहराया जाता था। हर तरफ आतंकवाद फैला था। कांग्रेस ने सालों तक आतंकवाद को चलाने का काम किया लेकिन नरेंद्र मोदी जब दूसरी बार प्रधानमंत्री बने तो वर्ष 2019 में धारा 370 समाप्त हो गयी।

गुंडो को उल्टा लटका कर सीधा करने का काम कर रही योगी सरकार

समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि सपा की सरकार में गुंडे परेशान करते थे। गरीबों की जमीन कब्जाते थे लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने गुंडो को उल्टा लटका कर सीधा करने का काम किया है‌। अब उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गृह मंत्री ने कहा कि देश आने वाले दिनों में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।

जनता के सामने रखा जिले में हुए विकास कार्यों का रहा ब्योरा  

अपने संबोधन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जिले में कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा भी जनता के समक्ष रखा। अमित शाह ने कहा कि 680 किलोमीटर अवध क्षेत्र में पक्की सड़क बनायी गयी।‌ सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने 517 करोड़ रेलवे के काम के लिए आवंटित कराया। जिले के 80 हजार गरीबों को घर दिया। 6 लाख 17 हजार घरों में शौचालय का निर्माण कराया। 6 लाख से अघ्का किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है‌। टिकरी रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण हो रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री ने दावा किया कि 2 साल बाद नवाबगंज का रेलवे स्टेशन इंग्लैंड के रेलवे स्टेशन जैसा होगा।

सवालों पर जनता से भरायी हामी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार के फैसलों पर जनता की सहमति जानने के लिए मंच से सवाल किया। जनता ने भी गृहमंत्री के सवालों पर सार्थक जवाब देकर अपनी सहमति व्यक्त की। गृहमंत्री ने सवाल किया कि ट्रिपल तलाक हटाना चाहिए या नहीं।कॉमन सिविल कोड लाना चाहिए या नहीं। धारा 370 हटानी चाहिए थी या नहीं। इन सभी सवालों पर जनता ने गृह मंत्री का समर्थन किया। इन सवालों के बीच उन्होने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प भी दिलाया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button