देशबड़ी खबर

ग्रेटर नोएडा के लड़के ने इतने लंबे कर लिए बाल…गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में एक 15 साल के लड़के ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है। इस लड़के का नाम सिदकदीप सिंह चहल है और उसके बाल काफी लंबे हैं। सिदकदीप का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने लंबे बालों को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि महिलाएं काफी देखभाल के बावजूद इतने लंबे बाल नहीं रख पातीं लेकिन सिदकदीप ने इनकी काफी तरीके से देखभाल की है।  उनके नाम पर ये रिकॉर्ड एक जीवित पुरुष किशोर के रूप में दर्ज हुआ है, जिसके बाल बहुत लंबे हैं।

बालों की हेल्थ मेंटेन करने को लेकर सिदकदीप ने कही ये बात

सिदकदीप ने बताया, ‘मैं सिख धर्म का पालन करता हूं और हमें अपने बाल काटने की मनाही है। बालों को इतनी लंबाई तक लाने के लिए मुझे उनकी बहुत देखभाल करनी पड़ी। यह मेरे परिवार के समर्थन के बिना संभव नहीं हो सकता था। मेरी मां बचपन से ही मेरे बालों की देखभाल करती थी।’

दोस्त उड़ाते थे मजाक: सिदकदीप

सिदकदीप ने कहा, ‘बचपन से मैंने कभी बाल नहीं कटवाए, कभी उन पर कैंची भी नहीं चली। 15 साल से मेरे बाल लगातार बढ़ रहे हैं। इन 15 सालों में बालों की बहुत देखभाल करनी पड़ी है, तब जाकर ये इतने लंबे हो पाए हैं। इसकी वजह से परेशानियां भी सामने आईं। लोग मेरे बालों की वजह से मुझे चिढ़ाया करते थे क्योंकि मैं बालों को बाहर जाकर सुखाता था। मेरे दोस्त मेरा मजाक उड़ाते थे और मुझे लड़की कहते थे। लेकिन मैंने कभी उनकी बात का बुरा नहीं माना क्योंकि मैं जानता था कि वो केवल मजाक कर रहे हैं। इसको मैंने एक मोटिवेशन के तौर पर लिया कि मुझे अब और बाल बढ़ाने हैं।’

सिदकदीप ने कहा, ‘मां बालों का बहुत ख्याल रखती हैं और शैंपू भी करती हैं। मेरे बालों की केयर करने में मेरे पिता भी बहुत मदद करते हैं। दोस्त अब मुझे बधाइयां देते हैं और कहते हैं कि तुमने बताया नहीं कि तुम्हें अवॉर्ड मिल गया। काफी लोग मेरे लिए बहुत खुश हैं। मैं चाहता हूं कि आगे और अपने बालों को बढ़ाऊं और अपना रिकॉर्ड तोड़ दूं। जब मैं 18 साल का हो जाऊंगा तो सबसे लंबे बाल-पुरुष श्रेणी के लिए भी आवेदन करूंगा।’ सिदकदीप से जब पूछा गया कि क्या उन्हें कोई बॉलीवुड का ऑफर मिला है तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई ऑफर नहीं आया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button