देशबड़ी खबर

महाराष्ट्र में सपा विधायक रईस शेख ने सदन से दिया इस्तीफा, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष को भेजा त्यागपत्र

मुंबई। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रईस शेख ने शनिवार को कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। शेख ने आरोप लगाया कि कि पार्टी संगठन से संबंधित मुद्दों के बारे में उनके द्वारा उठाई गई चिंताओं का प्रदेश नेतृत्व द्वारा समाधान नहीं किया गया।

ठाणे जिले के भिवंडी (पूर्व) निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शेख ने कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी को भेज दिया है। शेख ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि क्या उन्होंने अपना त्यागपत्र राज्य विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को भेजा है। अपने भविष्य के कदमों के बारे में भी उन्होंने कुछ नहीं बताया है।

शेख ने एक बयान में कहा, ‘‘मैंने पिछले साल पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के समक्ष पार्टी के संगठनात्मक और विस्तार संबंधी मुद्दों को लगातार उठाया था। मेरे लगातार प्रयासों के बावजूद इन मामलों का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।’’

हालांकि, शेख ने कहा कि वह हमेशा सपा के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन चिंताओं पर विशेष रूप से पार्टी के मंचों पर चर्चा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। सपा के प्रति मेरी निष्ठा गहरी है, क्योंकि इसने मुझे एक विधायक के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। मैं हमेशा से पार्टी का एक वफादार कार्यकर्ता था और रहूंगा।’’ शेख ने कहा, ‘‘मेरे द्वारा उठाई गई चिंताओं के आलोक में मैंने सपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष को विधायक के रूप में अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि नेतृत्व पार्टी के सर्वोत्तम हित में निर्णय लेगा।’’ भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र भिवंडी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। भाजपा ने भिवंडी लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल को फिर से मैदान में उतारा है जहां उनका मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार सुरेश म्हात्रे से होगा। महाराष्ट्र विधानसभा में शेख और अबू आसिम आजमी सहित सपा के दो विधायक हैं। राज्य में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button