देशबड़ी खबर

लोकसभा में बसपा सांसद को एमपी बिधूड़ी ने कहे अपशब्द, अध्यक्ष ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

नई दिल्ली : लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने भाजपा सदस्य बिधूड़ी को चेतावनी दी कि अगर भविष्य में इस तरह का व्यवहार देखा गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में भाजपा सदस्य रमेश बिधूड़ी द्वारा दिये गये कुछ आपत्तिजनक बयानों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को उन्हें भविष्य में इस तरह के व्यवहार पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

गौरतलब है कि बिधूड़ी ने गुरुवार को लोकसभा में ‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष के क्षेत्र में राष्ट्र की अन्य उपलब्धियां’ विषय पर चर्चा के दौरान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कुंवर दानिश अली के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की थीं जिन पर सदन में हंगामा हुआ और विपक्षी नेताओं ने बिधूड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने भाजपा नेता को भविष्य में इस तरह का व्यवहार दोहराए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. गुरुवार रात को सदन में बिधूड़ी द्वारा आपत्तिजनक बयान दिये जाने के तत्काल बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद प्रकट किया था.

राजनाथ ने खेद जताया : भाजपा के सांसद रमेश बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया जिसे लेकर सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया. बिधूड़ी ने चर्चा में भाग लेते हुए अली के खिलाफ कुछ ऐसी टिप्पणी की जिस पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया. दानिश अली ने कहा कि भाजपा सदस्य को अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए.

रिकॉर्ड से हटाए गए अपशब्द : पीठासीन सभापति कोडिकुनिल सुरेश ने कहा कि बिधूड़ी के आपत्तिजनक शब्दों को रिकॉर्ड से हटा दिया गया है. शोर-शराबा जारी रहने पर सदन के उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने विवादित टिप्पणी सुनी नहीं है, लेकिन बिधूड़ी ने यदि कुछ ऐसी टिप्पणी की है, जिससे बसपा सांसद की भावना आहत हुई है तो इन शब्दों को रिकॉर्ड से हटा दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “मैं इस पर खेद व्यक्त करता हूं.”

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button