देशबड़ी खबर

पीएम मोदी ने साई-विट्ठल भक्तों के लिए दो वंदे भारत ट्रेन का किया शुभारंभ

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई को साई बाबा की नगरी शिरडी और भगवान पांडुरंग विट्ठल की पुरी पंढरपुर और आई तुलजा भवानी के लिए सोलापुर तक चलने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को आज एक साथ हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया।

मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 18 एवं 17 पर आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में मोदी ने दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखायी। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, रेल, संचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलैक्ट्राॅनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे एवं रामदास आठवले, राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, स्थानीय सांसद, विधायक एवं अन्य राजनेता तथा केन्द्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस आधुनिक भारत की स्पीड और स्केल का प्रतिबिंब है। देश में चलने वाली 10 वंदे भारत एक्सप्रेस 17 राज्यों में 108 जिलों को जोड़ चुकी है। अब सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज चलने वाली दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई, नासिक और पुणे को आस्था के केंद्रों से जोड़ेगी। इससे किसानों, श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों एवं सैलानियों को लाभ होगा।

मोदी ने मुंबई में सड़क यातायात की भीड़ को कम करने और वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के लिए, सांताक्रूज चेंबूर लिंक रोड (एससीएलआर) और कुरार अंडरपास को भी देश को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इससे मुंबईकरों का जीवन आसान होगा। उनका समय और धन की बचत होगी।

इससे पहले मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस में बैठकर कुछ मिनट तक बच्चों से बातचीत की। प्रधानमंत्री को एक मिनट का प्रेजेंटेशन दिया गया। इस तरह से मुंबई को गांधीनगर मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस के बाद शुक्रवार को सर्वाधिक तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल गई।दोनों गाड़ियां सप्ताह में छह दिन चला करेंगी।

शिरडी साई नगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शिरडी साई धाम के अलावा महाराष्ट्र में नासिक, त्र्यम्बकेश्वर ज्योतिर्लिंग, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, शनि सिंगणापुर जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के लिए महत्वपूर्ण रेल-संपर्क प्रदान करेगी। मुंबई से सुबह 6.20 पर रवाना होकर 11.40 बजे शिरडी साई धाम पहुंचेगी और शाम को 17.25 पर रवाना हो कर रात 22.50 पर मुंबई लौट आएगी।

रास्ते में दादर, ठाणे और नासिक रोड ठहरेगी। मुंबई और सोलापुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, सोलापुर में सिद्धेश्वर, सोलापुर के पास अक्कलकोट, तुलजापुर, पंढरपुर और पुणे के पास आलंदी जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के लिए यात्रा-सुविधा प्रदान करेगी।

यह गाड़ी अपराह्न 16.05 बजे चल कर दादर, कल्याण, पुणे और कुर्दुवाड़ी रुकते हुए रात 22.40 बजे सोलापुर पहुंचेगी। वापसी में सोलापुर से सुबह 6.05 बजे चल कर मुंबई 12.35 बजे पहुंच जाएगी। मुंबई से शिरडी जाने का किराया 975 रुपये (चेयरकार) और 1840 रुपये (एग्ज़ीक्यूटिव) रहेगा। जबकि वापसी का किराया क्रमशः 1130 रुपये एवं 2020 रुपये होगा।

मुंबई से सोलापुर के लिए किराया 1300 रुपये (चेयरकार) एवं 2365 रुपये (एग्ज़ीक्यूटिव) होगा। पुणे के लिए किराया 660 रुपये और 1270 रुपये रहेगा। मुंबई से शिरडी की यात्रा साढ़े पांच घंटे में और मुंबई से सोलापुर की यात्रा 06 घंटे 35 मिनट में तय होगी।

इससे पहले गांधीनगर (गुजरात) से एक वंदेभारत ट्रेन चलायी जा चुकी है। इन दोनों वंदेभारत ट्रेनों के चलने के बाद मुंबई को तीन वंदेभारत ट्रेनें हो जाएंगी। महाराष्ट्र के लिए चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हो जाएंगी। एक वंदे भारत एक्सप्रेस नागपुर से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए चल रही है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button