देशबड़ी खबर

पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर साधा निशाना, कहा- विपक्ष ‘अविश्वास’ से भरा हुआ है, इसे दिखाने के…

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस यानी ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि विपक्ष खुद अविश्वास से भरा हुआ है, इसलिए वह संसद में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।

बैठक में मौजूद भाजपा के एक सांसद के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘विपक्ष अविश्वास से भरा हुआ है और इसे दिखाने के लिए वह अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए हैं।’’ प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरु होनी है। विपक्ष की ओर से इस चर्चा की शुरुआत कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, मोदी ने विपक्षी गठबंधन को ‘घमंडिया’ करार दिया और दिल्ली सेवा विधेयक पर मतदान में ‘सेमीफाइनल’ जीत के लिए पार्टी के राज्यसभा सदस्यों को बधाई दी।

सूत्रों ने कहा कि मोदी ने कहा कि कुछ विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में मतदान को 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले सेमीफाइनल बताया था। दिल्ली सेवा विधेयक को सोमवार को संसद की मंजूरी मिल गई क्योंकि राज्यसभा ने इस विवादास्पद विधेयक को पारित कर दिया। लोकसभा में सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का विफल होना तय समझा जा रहा है।

उन्होंने 2018 के अपने भाषण का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने विपक्ष से 2023 में उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कही थी। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेता सामाजिक न्याय की बात करते हैं लेकिन उन्होंने वंशवादी, तुष्टिकरण और भ्रष्ट राजनीति से इसे सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यह समय भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करने का है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button