देशबड़ी खबर

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- वर्तमान की बात छोड़कर 2047 के सपने बेच रहा केंद्र

दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल में कोई जवाबदेही नहीं बल्कि सिर्फ प्रचार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र वर्तमान के बारे में बात करना छोड़ अब 2047 के सपने बेच रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेन से गिरकर कम से कम चार यात्रियों की मौत और छह के घायल होने की घटना के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर यह हमला किया है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘जब मोदी सरकार 11 साल की ‘सेवा’ का जश्न मना रही है, तब देश की हकीकत मुंबई से आ रही दर्दनाक खबर में दिखती है- ट्रेन से गिरकर कई लोगों की मौत।’ उन्होंने कहा कि भारतीय रेल करोड़ों की जिंदगी की रीढ़ है, लेकिन आज यह असुरक्षा, भीड़ और अव्यवस्था की प्रतीक बन चुकी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मोदी सरकार के 11 साल में न जवाबदेही, न बदलाव, सिर्फ प्रचार हुआ है। सरकार 2025 पर बात करना छोड़, अब 2047 के सपने बेच रही है।’

उन्होंने कहा, ‘देश आज क्या झेल रहा है, ये कौन देखेगा? मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह रेल दुर्घटना दिवा और कोपर रेलवे स्टेशन के बीच उस समय घटी जब ट्रेन कसारा की ओर जा रही थी। रेलवे अधिकारियों ने मृतकों की संख्या की पुष्टि किए बिना बताया कि घटना संभवतः भीड़भाड़ वाली दो ट्रेन के पायदान से लटके यात्रियों और उनके बैग के एक-दूसरे से टकराने के कारण हुई क्योंकि ट्रेन विपरीत दिशाओं से गुजर रही थीं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button