उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

देवी लक्ष्मी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मुश्किल में पड़े स्वामी प्रसाद मौर्य, दर्ज हो सकता है मुकदमा

लखनऊ : हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित टिप्पणियों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य पर एफआईआर हो सकती है. दीपावली के दिन देवी लक्ष्मी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर हिंदूवादी संगठन ने राजधानी के हजरतगंज कोतवाली में स्वामी प्रसाद के खिलाफ तहरीर दी है. संगठन का कहना है कि स्वामी प्रसाद जानबूझ कर बार-बार हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रहे हैं. ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए. हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है. सभी तथ्यों को जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.

क्या कहा था स्वामी प्रसाद मौर्य ने

दीपावली पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया था कि – पूरे विश्व के प्रत्येक धर्म, जाति, नस्ल, रंग और देश में पैदा होने वाले बच्चे के दो हाथ, दो पैर, दो कान, दो आंख, दो छिद्रों वाली नाक के साथ एक सिर, पेट और पीठ ही होती है. चार हाथ, आठ हाथ, दस हाथ, बीस हाथ और हजार हाथ वाला बच्चा आज तक पैदा ही नहीं हुआ तो चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती हैं? अगर लक्ष्मी देवी की पूजा करना ही चाहते हैं तो अपनी घरवाली की पूजा और सम्मान करें, जो सही मायने में देवी है. जो आपके घर परिवार का पालन-पोषण, सुख-समृद्धि, खानपान और देखभाल की जिम्मेदारी बहुत ही निष्ठा के साथ निभाती है.’

विवाद बढ़ा तो स्वामी ने दी सफाई

स्वामी के इस पोस्ट के बाद विवाद खड़ा हो गया. बीजेपी के नेताओं ने स्वामी प्रसाद के सहारे अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला. हंगामा बढ़ते देख स्वामी ने पलटी मारते हुए सफाई दी कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था, बल्कि सभी गृहणियों को सम्मान देना था. मैंने जो भी किया और लिखा वो व्यावहारिक, वैज्ञानिक सत्य और सनातन पर आधरित है. हालांकि स्वामी के बयान पर हिंदू संगठन अक्रोशित हैं. मंगलवार को अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने हजरतगंज कोतवाली में स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है.

हिंदू संगठन ने कहा- लगातार कर रहे अपमान

अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा है कि सपा नेता स्वामी प्रसाद द्वारा लगातार सनातन धर्म के धार्मिक ग्रंथों, देवी-देवताओं का अपमान किया जा रहा है. इतना ही नहीं, वे साधु-संतों पर हमला, सनातन संस्कृति को तोड़मरोड़ कर सोशल साइट और भाषणों में पेश कर रहे हैं. जिससे करोड़ों सनातनियों को अपमान सहना पड़ रहा है. हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने कहा कि उन्हें तहरीर मिली है. सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है. जो भी जांच में सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

संभल में भाजपा नेता ने कहा- स्वामी प्रसाद अपना लें इस्लाम

वहीं संभल में भाजपा के पश्चिम यूपी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने स्वामी प्रसाद को इस्लाम कबूल करने की नसीहत दी है. मंगलवार को मीडिया से कहा कि स्वामी प्रसाद लगातार हिंदू देवी-देवताओं को लेकर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं. अगर उन्हें हिंदू देवी-देवताओं से इतनी नफरत है तो फिर अपना नाम स्वामी प्रसाद क्यों रखा है? कहा कि अगर स्वामी प्रसाद हिंदू देवी-देवताओं का सम्मान नहीं कर सकते तो अपना धर्म छोड़ दें. हिम्मत है तो इस्लाम अपना लें, उनके लिए वही अच्छा रहेग. बता दें कि इसके पहले कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने स्वामी प्रसाद को लेकर यहां तक कह डाला था कि उनके मुंह में बवासीर है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button