उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

UP BOARD 2024 LIVE : आज जारी होगा 10वीं-12वीं का परीक्षा परिणाम, 9 दिन में चेक हुईं 3.1 करोड़ कॉपियां

लखनऊ : यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम आज जारी किया जाएगा. 56 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी. कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे. माना जा रहा था कि इससे रिजल्ट में देरी होगी, लेकिन इसके बावजूद महज 9 दिनों में ही बोर्ड की सभी कॉपियां चेक कर दी गईं थी. परीक्षा का परिणाम आज दोपहर 2 बजे जारी किया जाएगा. छात्र-छात्राएं upmsp.edu.in और upresults.nic.in दोनों वेबसाइट पर जाकर परिणाम देख सकेंगे.

निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) और यूपी बोर्ड के अध्यक्ष महेंद्र देव, सचिव दिव्यकांत शुक्ला की ओर से प्रयागराज स्थित बोर्ड मुख्यालय से दोपहर 2 बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे. इस दौरान टॉपरों की भी घोषणा की जाएगी. परीक्षा परिणाम के समय को लेकर शुक्रवार की शाम को ही आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई थी. माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इसे लेकर नोटिस भी जारी किया गया था.

साल 2024 की यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 9 फरवरी से कराई गई थी. इसमें हाईस्कूल में 29,47,311 एवं इंटर में 25,77,997 समेत कुल 55,25,308 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी. जबकि 5 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी. यह परीक्षा करीब 15 दिनों में समाप्त हो गई थी. इसके बाद बोर्ड की ओर से 16 मार्च से कॉपियों का मूल्यांकन शुरू कराया गया था. कुल 259 केंद्रों पर 3.1 करोड़ कॉपियों की चेकिंग के लिए 1,47,097 परीक्षकों की तैनाती की गई थी.

कुछ दिनों की चेकिंग के बाद ही राजकीय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षक बेमियादी हड़ताल पर चले गए थे. वे शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की हत्या के मामले में कार्रवाई, परिवार को एक करोड़ मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी, उत्तर पुस्तिकाओं को ले जाने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी न लगाने, परीक्षा पारिश्रमिक में 33% की बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे. इससे 4 दिनों तक मूल्यांकन कार्य ठप रहा था. इसके बाद शिक्षक फिर काम पर लौट आए थे.

UP BOARD 10TH 12TH RESULT 2024

माना जा रहा था कि इससे यूपी बोर्ड का परिणाम करीब सप्ताह भर लेट हो सकता है लेकिन 31 मार्च तक ही सभी कॉपियां जांच ली गईं. पिछले साल 24 अप्रैल को यूपी बोर्ड का रिजल्ट आया था. इस बार इसे 4 दिन पहले जारी कर नया कीर्तिमान बनाया जाएगा. यह पहला अवसर होगा जब इतने कम समय में ही रिजल्ट जारी किया जा रहा है. सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने बताया कि बोर्ड के लिए काफी गर्व का विषय है कि इतने कम समय में 3 करोड़ से अधिक कॉपियों का मूल्यांकन कराकर रिकॉर्ड समय में रिजल्ट जारी किया जा रहा है.

यहा देंखे परीक्षा परिणाम : यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम आज दोपहर 2 बजे जारी किया जाएगा. माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव ने बताया कि परीक्षाफल माध्यमिक शिक्षा परिषद् की वेबसाइट upmsp.edu.in और एनआईसी की वेबसाइट upresults.nic.in पर देखा जा सकता है.

पिछले साल ये रहा था रिजल्ट : पिछले साल 2023 में कुल 28,63,621 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी. इस दौरान उत्तीर्ण प्रतिशत 89.78 रहा था. पिछले साल सीतापुर की प्रियांशी सोनी ने 600 में से 590 अंक लाकर 98.33 प्रतिशक से साथ स्टेट में 10वीं में टॉप किया था. वहीं इंटरमीडिएट में स्टेट में 97.80 प्रतिशत अंक के साथ महोबा के शुभ चपरा ने टॉप किया था.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button