उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

यूपी निकाय चुनाव: अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- योगी राज में सब चौपट

अलीगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास रोक दिया है। शिक्षा-स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब चौपट है। अखिलेश यादव ने आज अलीगढ़ और मेरठ में समाजवादी पार्टी के महापौर प्रत्याशियों के समर्थन में रोड-शो किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता जनता की सुविधाओं, महंगाई, बेरोजगारी, बिजली, पानी, सड़क, सीवर, नाली और सफाई की बात नहीं करते हैं। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। खाने पीने से लेकर हर चीज के दाम बढ़ गये हैं। जनता परेशान है। भाजपा सरकार ने शहरों के इंफ्रास्टक्चर पर काम नहीं किया। स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट की। सरकार बताये कि स्मार्ट सिटी बनाने के लिए शहरों में क्या काम किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने शहरों का सीवर सिस्टम बर्बाद है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर कोई काम नहीं हुआ। भाजपा सरकार जनता से हाउस टैक्स लेती है लेकिन कोई सुविधा नहीं दे रही है। कूड़े का निस्तारण तक नहीं हो रहा है। शहरों में कूडा भरा पड़ा है। सड़कों पर सांड घूमते हैं। सांडो के चलते प्रदेश में हर दिन दुर्घटनाएं हो रही है जिसमें लोगों की मौतें हो रही है। इन सब समस्याओं के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक भी बिजली का कारखाना नहीं लगाया है। आज प्रदेश की जनता को जो बिजली मिल रही है वह सब समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लगाये गये कारखानों से मिल रही है। भाजपा सरकार ने पावर प्लांट तो नहीं लगाया लेकिन बिजली महंगी कर दी। जनता को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के बनाये संविधान को नहीं मान रही है। मनमानी पर उतारू है।लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। अन्याय और अत्याचार चरम पर है। लोगों के अधिकारों का हनन हो रहा है। भाजपा सरकार अपने झूठ को सच साबित करने के लिए 200 करोड़ रूपये में अमेरिका एक एजेंसी को ठेका दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से नाराज है। इस बार लोग भाजपा की डबल और ट्रिपल इंजन की सरकार को उखाड़ फेकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दूसरों के परिवार पर बात करते हैं लेकिन वह खुद मठ में परिवारवाद की वजह से बैठे हैं। अगर उनके परिवार के लोग मठ में न होते तो वे वहां नहीं बैठ पाते। भाजपा वाले इतना भ्रष्टाचार कर रहे है जिसकी कोई कल्पना नहीं है।

सरकार प्रदेश में सड़कों के निर्माण के लिए लाया गया बजट नहीं खर्च कर पाई है। मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर और प्रोफेसर नहीं है। सरकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं दे पा रही है। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की जनता के लिए कोई काम नहीं किया। इसलिए हर बात पर तमंचा की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी भारी जीत हासिल करने जा रही है। भाजपा हारेगी।

इससे पहले अखिलेश यादव ने मेरठ में समाजवादी पार्टी की महापौर प्रत्याशी सीमा प्रधान और अलीगढ़ में महापौर प्रत्याशी हाजी जमीरउल्लाह खान के साथ नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के प्रत्याशियों के समर्थन में रोड-शो कर उन्हें जिताने की अपील की। कार्यक्रम में मेरठ विधायक अतुल प्रधान भी थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button