राधावल्लभी पूड़ी रेसिपी: उड़द दाल की स्टफिंग से बनाएं कुरकुरी पूड़ी

रविवार की सुबह अगर पराठे और साधारण पूड़ी से कुछ अलग खाने का मन हो, तो राधावल्लभी पूड़ी बेहतरीन विकल्प है। बंगाल की यह लोकप्रिय डिश अपनी मसालेदार उड़द दाल की स्टफिंग और कुरकुरे स्वाद के लिए जानी जाती है। शेफ निशा मधुलिका की बताई विधि से इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।
सबसे पहले इसका स्पेशल मसाला तैयार करें। एक पैन में 2 चम्मच जीरा और 2 चम्मच सौंफ को धीमी आंच पर भूनें। खुशबू आने पर इन्हें ठंडा करके मिक्सर में एक चुटकी हींग के साथ बारीक पीस लें। यही मसाला आटे और दाल की स्टफिंग दोनों में इस्तेमाल होगा।
अब आधा कप उड़द दाल को पानी में भिगो दें। फूलने के बाद पानी निकालकर इसे बिना ज्यादा पानी डाले महीन पीस लें। इस पेस्ट का एक हिस्सा आटा गूंथने और बाकी हिस्सा स्टफिंग तैयार करने में इस्तेमाल किया जाएगा।
आटा बनाने के लिए 2 कप मैदे में 1 चम्मच तैयार सौंफ-जीरा पाउडर, नमक, 1 चम्मच अदरक-मिर्च का पेस्ट, 2 चम्मच पिसी उड़द दाल और 1 चम्मच चीनी डालें। इसमें तेल का मोयन मिलाकर पानी की मदद से नरम आटा गूंथें। ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर आटे को कुछ देर आराम दें।
अब दाल की स्टफिंग बनाएं। पैन में थोड़ा तेल गर्म करके अदरक-मिर्च का पेस्ट भूनें। इसमें बची हुई पिसी उड़द दाल और सौंफ-जीरा पाउडर डालकर लगातार चलाते हुए भूनें। जब मिश्रण सूखकर डो जैसा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।
आटे की मध्यम आकार की लोई बनाकर उसे हल्का फैलाएं और बीच में दाल की स्टफिंग भरें। किनारों को अच्छी तरह बंद करके हल्के हाथों से पूड़ी बेलें। ध्यान रखें कि पूड़ी फटे नहीं, वरना तलते समय तेल अंदर जा सकता है।
अंत में कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें और पूड़ी डालकर कलछी से हल्का दबाएं। इससे वह फूल जाएगी। दोनों तरफ से सुनहरी और कुरकुरी होने तक तलें। तैयार राधावल्लभी पूड़ी को आलू की रसेदार सब्जी या छोले के साथ गरमागरम परोसें।



