आंख के ऊपर निकले 2 दांत, डॉक्टर भी रह गए हैरान

इस स्थिति को Ectopic Tooth कहा जाता है, यानी जब दांत अपनी सामान्य जगह यानी मुंह के दंत-चाप से बाहर किसी असामान्य स्थान पर विकसित हो जाता है। इस मामले में दांत आंख के ऊपरी सॉकेट यानी superior orbit में विकसित हुआ था। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा मामला पहले नाक, मैक्सिलरी साइनस और आंख के नीचे जैसे स्थानों पर दर्ज किया जा चुका है, लेकिन superior orbit में इस तरह का एक्टोपिक दांत पहली बार रिपोर्ट किया गया है।
शुरुआत में डॉक्टरों को यह किसी दुर्लभ टेराटोमा या अन्य असामान्य ऊतक से जुड़ी समस्या लग सकती थी, क्योंकि ऐसे ट्यूमर में हड्डी या दांत जैसे ऊतक मौजूद हो सकते हैं। लेकिन CT स्कैन में दांत की स्पष्ट crown-root संरचना दिखाई दी। सर्जरी के दौरान इसे निकालने के बाद जांच में यह एक परिपक्व कैनाइन टूथ पाया गया और टेराटोमा से जुड़े तत्व नहीं मिले।
रिपोर्ट के मुताबिक, किशोर को शुरुआत में ऊपरी पलक पर सिर्फ बिना दर्द वाली सूजन थी। बाद में दो सख्त और सफेद नुकीले हिस्से त्वचा से बाहर दिखाई देने लगे। डॉक्टरों ने सर्जरी के जरिए असामान्य दांत को हटा दिया और इमेजिंग में किसी अन्य एक्टोपिक दांत का संकेत नहीं मिला। इस दुर्लभ केस ने आंख और दांतों के विकास से जुड़े असामान्य मामलों को लेकर चिकित्सा जगत में खास ध्यान खींचा है।
इस केस की रिपोर्ट Ophthalmology जर्नल में प्रकाशित हुई है। केस की सह-लेखक डॉ. मेघना तंवर समेत टीम ने इसे superior orbit में एक्टोपिक कैनाइन टूथ का पहला और अब तक अकेला रिपोर्टेड मामला बताया है। हालांकि, ऐसे मामलों के पीछे सटीक कारण इस केस में निर्धारित नहीं किया गया।



