नए कपड़े बिना धोए पहनना है खतरनाक? जानें इससे होने वाली परेशानियां और सही तरीका

अक्सर लोग नए कपड़े खरीदते ही उन्हें पहन लेते हैं। नई शर्ट, जींस या साड़ी पहनने का उत्साह इतना होता है कि धोने की जरूरत ही नहीं समझी जाती। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना धोए नए कपड़े पहनना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है? कपड़े चाहे ब्रांडेड हों या लोकल बाजार से लिए गए हों, फैक्ट्री से दुकान तक पहुंचने के दौरान उन पर कई तरह के केमिकल और गंदगी जमा हो जाती है।
कपड़ा बनाने की प्रक्रिया में रंग, फिनिशिंग और चमक बनाए रखने के लिए कई रासायनिक तत्वों का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें फॉर्मल्डिहाइड जैसे केमिकल भी शामिल हो सकते हैं, जो त्वचा के संपर्क में आने पर खुजली, जलन और एलर्जी का कारण बनते हैं। खासकर जिन लोगों की स्किन सेंसिटिव होती है, उन्हें बिना धुले नए कपड़े पहनने से रैशेज, लालपन और दाने निकलने की समस्या हो सकती है।
इसके अलावा नए कपड़े पहनने से फंगल और बैक्टीरियल इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। फैक्ट्री, गोदाम और ट्रांसपोर्ट के दौरान कपड़े कई हाथों से गुजरते हैं। इस दौरान उन पर धूल, पसीना और कीटाणु लग सकते हैं। सीधे ऐसे कपड़े पहनने से स्किन इंफेक्शन, खुजली और बदबू जैसी परेशानियां हो सकती हैं। बच्चों की त्वचा तो और भी नाजुक होती है, इसलिए उनके नए कपड़े बिना धोए पहनाना ज्यादा जोखिम भरा हो सकता है।
नए कपड़ों को धोने से न सिर्फ केमिकल और कीटाणु निकल जाते हैं, बल्कि कपड़ा नरम भी हो जाता है। इससे कपड़े पहनने में आराम मिलता है और त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचता। धोते समय हल्के डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें और एक बार पानी से अच्छे से कुल्ला जरूर करें। अगर कपड़ा रंग छोड़ता है, तो अलग से धोना बेहतर रहता है।
छोटी सी यह आदत आपकी सेहत को बड़ी परेशानियों से बचा सकती है। इसलिए अगली बार जब भी नए कपड़े खरीदें, उन्हें पहनने से पहले जरूर धो लें। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर आप स्किन से जुड़ी कई समस्याओं से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।



