देश
मणिपुर के सेनापति में दो लोगों की हत्या, गोलीबारी से मचा हड़कंप
मणिपुर में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। सेनापति जिले के पास कालेनजांग गांव में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें दो नागा नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रॉकी माओ और कुमार पौमई के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों सेनापति जिले के रहने वाले थे।
इस हमले में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब मणिपुर के कई पहाड़ी जिलों में सितंबर के दौरान अलग-अलग गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस महीने अलग-अलग हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है।
घटना की परिस्थितियों और हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों को लेकर जांच जारी है। रिपोर्टों के अनुसार, कालेनजांग गांव पहले भी हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और क्षेत्र में हालात पर नजर रखी जा रही है।