सौरव गुर्जर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी का आरोप

सौरव गुर्जर के खिलाफ हैदराबाद की गाचीबोवली पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि दोनों की मुलाकात 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और बाद में दोनों के बीच करीबी संबंध बने। शिकायत के मुताबिक, सौरव ने उनसे शादी करने का वादा किया था।
महिला ने आरोप लगाया कि सौरव के कहने पर उन्होंने अमेरिका की नौकरी छोड़ दी थी। उनका दावा है कि दोनों ने अमेरिका और बाद में हैदराबाद में साथ समय बिताया तथा भारत में मिलकर कारोबार शुरू करने की बात कही गई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब वह शादी को लेकर सवाल करती थीं तो सौरव कथित तौर पर उनका नंबर ब्लॉक कर देते थे और दूरी बनाने लगते थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और सौरव गुर्जर को मुंबई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें हैदराबाद ले जाया गया और मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
सौरव गुर्जर ने 2013-14 के टीवी शो ‘महाभारत’ में भीम की भूमिका से पहचान बनाई थी। इसके बाद वह ‘संकटमोचन महाबली हनुमान’ और फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में भी नजर आए। वह पेशेवर रेसलिंग से भी जुड़े रहे हैं।



