देश

सीबीआई ने अनुब्रत के करीबियों के ठिकानों पर मारा छापा, हिरासत में लिया गया TMC पार्षद

बोलपुर: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला में सीमापार पशु तस्करी घोटाले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल कुछ करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर छापा मारा। इस मामले में श्री मंडल को सीबीआई ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई अधिकारी मंडल के चार्टर्ड एकाउंटेंट मनोज कोठारी के घर और कार्यालय, तृणमूल पार्षद विश्वजीत बनर्जी के कार्यालय और आवास, तृणमूल कार्यकर्ता सुदीप रॉय और डोलन कुमार डे के बोलपुर स्थित घरों पर तलाशी ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि चार्टर्ड एकाउंटेंट कोठारी के अलावा तीन अन्य जेल में बंद श्री मंडल के करीबी हैं। श्री मंडल 11 अगस्त को गिरफ्तार हुए थे और वह न्यायिक हिरासत में हैं। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल सीबीआई ने बोलपुर नगर पालिका के वार्ड 19 के पार्षद विश्वजीत बनर्जी को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि सीबीआई अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने सुबह सात बजे से छापेमारी शुरू की।

सीबीआई ने श्री मंडल और उनके परिवार के सदस्यों की चल और अचल संपत्ति का खुलासा किया है, जिसमें उनकी पुत्र का नाम भी शामिल है और अब तक उनके 17 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक खातों को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि तीन के नाम, जिनके घरों और कार्यालयों पर छापेमारी की जा रही थी, विभिन्न स्रोतों से आए हैं और तीनों बंगलादेश में मवेशियों की तस्करी के मामले में भी शामिल हैं।

टीएमसी पार्षद को हिरासत में लिया

छापेमारी के दौरान सीबीआई की टीम ने एक टीएमसी पार्षद बिस्वज्योति बंद्योपाध्याय को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया, पशु तस्करी घोटाले में गिरफ्तार अनुब्रत मंडल से पार्षद के घनिष्ठ संबंध थे और जांच के दौरान इनका भी नाम सामने आया था। अधिकारियों ने बताया, अनुब्रत मंडल के दो अन्य करीबियों के आवासों पर छापेमारी की गई है। अधिकारी ने बताया, हमारी जांच में तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में इनकी भूमिका क्या है।

अनुब्रत मंडल से हो सकती है पूछताछ

उधर, सीबीआई की टीम बंगाल की आसनसोल जेल में बंद टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल से पशु तस्करी मामले में पूछताछ कर सकती है। सीबीआई की चार सदस्यीय टीम सोमवार रात कोलकाता से आसनसोल पहुंची है। सीबीआई ने जांच में सहयोग नहीं करने पर बीरभूम जिले के टीएमसी अध्यक्ष मंडल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सीबीआई ने जिले में कई जगह छापे मारकर बड़ी संख्या में दस्तावेज जब्त किए थे।

2020 में दर्ज किया था केस

सीबीआई ने 2020 में पशु तस्करी के मामले में केस दर्ज किया था। इसमें अनुब्रत मंडल का नाम भी सामने आया था। सीबीआई के मुताबिक 2015 से 2017 के दौरान सीमा सुरक्षा बल को 20,000 से ज्यादा पशुओं के कटे सिर मिले थे। इस मामले में पिछले दिनों उन्हें सीबीआई ने तलब किया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे थे। इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ने बीरभूम जिले में उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। वहां से भारी संख्या में नकदी बरामद हुए थे। मंडल को सीबीआई ने 10 समन भेजे थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button