देशराज्यहरियाणा

CM नायब सैनी ने बताया BJP की ताकत का राज, कांग्रेस को बताया गुमराह करने वाली पार्टी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कैथल में आयोजित त्रिदेव एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि त्रिदेव ही हमारी पार्टी की सच्ची ताकत है, जिसकी बदौलत भाजपा का पूरे देश पर शासन है।

उन्होंने कहा कि हमें अपने बूथ को और अधिक मजबूत करना होगा, जिससे हमें लगातार सफलता मिल सके। गुरुवार को वृंदावन गार्डन ढांढ रोड कैथल में आयोजित सम्मेलन में सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही सत्ता में आई है।

सम्मेलन को पूर्व मंत्री कमलेश ढांढा, विधायक लीलाराम गुर्जर ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में पहुंचने पर जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। त्रिदेव सम्मेलन से पहले नायब सैनी ने जिला के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।

‘जनता की बीच होती है योजनाओं की बात’

त्रिदेव सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नायब सैनी ने कहा कि भाजपा की सभी योजनाओं को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता ही क्रियान्वित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार ने राज्य को विभिन्न सामाजिक कल्याण की योजनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि आज जनता के बीच भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं की बात होती है और कांग्रेस के बारे में सिर्फ घोटालों की चर्चा जनता करती है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की गुमराह करने वाली फितरत को जान चुकी है।

‘कांग्रेस झूठ बोलने वाली पार्टी’

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस घोटालों और झूठ बोलने वालों की पार्टी है, लोगों का कांग्रेस से विश्वास उठ गया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाया है और भारत जल्द ही विश्व गुरु बनेगा।

गरीबों के लिए अनेकों योजनाएं बनाई गई जिससे मोदी आज देश के गरीबों के लिए मसीहा बने हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी डबल ईंजन की सरकार लगातार जनता की सेवा कर रही है। पिछले 10 वर्षों में हर व्यक्ति का विकास करने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।

‘बिना पर्ची-खर्ची के नहीं मिलती थी नौकरी’

नायब सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरियां नहीं मिलती थी। भ्रष्टाचार चरम पर था लोग कांग्रेस की सरकार से परेशान हो चुके थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले लगभग 10 वर्षों में हर वर्ग के लिए काम किया है।

गरीबों को बीमारी के दौरान होने वाले खर्च की चिंता से मुक्त किया है। किसानों को समृद्ध बनाने की दिशा में अनेकों योजनाएं डबल इंजन की सरकार ने बनाई है। श्री सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है।

‘कांग्रेस ने ना प्लॉट दिया, ना कब्जा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लोगों को प्लॉट देने की बात कही, लेकिन उन्हें न तो प्लॉट का कब्जा दिया, न ही रजिस्ट्री दी, लेकिन भाजपा सरकार ने गरीब लोगों को प्लॉट के साथ-साथ कब्जा भी दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग गुमराह करके वोट लेने का काम करते हैं, जबकि हमारी सरकार ने हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीब के हित में मजबूत फैसले ले रही है और इसी के कारण आज लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी डबल ईंजन की सरकार पर विश्वास बढ़ा है।

‘मिशन में जुटे कार्यकर्ता’

नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को जीतने के मिशन पर जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जो झूठ और लालच का जाल बिछाया था उसे भाजपा की नीतियों से तोड़ने का काम करें।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर बताएं कि देश और प्रदेश की खुशहाली तथा युवाओं की तरक्की के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button