देश

शादी के 3 महीने बाद बहू की संदिग्ध हालात में मौत, ससुरालवालों पर दहेज के चक्कर में हत्या और शव जलाने का आरोप

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत की बात सामने आई है। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि दहेज के लालच में ससुरालवालों ने बहू की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को भी जला दिया। 3 महीने पहले ही मृत लड़की की शादी हुई थी। मामला सामने आने के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं।

क्या है पूरा मामला?

मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के बाजीतपुर अशोक गांव का है। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि यहां दहेज लोभियों के द्वारा दो लाख रुपए और एक चेन की खातिर नवविवाहिता की हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए शव जला दिया गया। तीन महीने पहले ही (जून 2024) ये शादी हुई थी। मृत लड़की की पहचान निशा के रूप में हुई है।

मायके पक्ष के लोगों के मुताबिक, शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग निशा पर दहेज के 2 लाख रुपए और सोने की चेन के लिए प्रेशर बनाने लगे थे। दहेज से इनकार करने पर निशा के साथ मारपीट भी होने लगी थी। जिसके बाद 15 अगस्त के दिन निशा की हत्या कर गांव में ही शव को जला दिया गया। हत्या की सूचना पर परिजन गांव पहुंचे और लड़की पक्ष के लोगों ने थाने में शिकायत की।

मृतक के परिजन केसर सहनी ने बताया कि निशा की शादी बाजीतपुर अशोक गांव के अच्छेलाल मुखिया के पुत्र जितेन्द्र मुखिया के साथ एक जून 2024 को हुई थी। इस दौरान उन्होंने अपनी हैसियत से ज्यादा दान दहेज दिया था लेकिन शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुरालवाले दहेज में दो लाख नकद और सोने की चेन की मांग करने लगे। इस दौरान ससुरालवाले निशा पर प्रेशर बनाने लगे।

निशा ने ये बात मायके में बताई लेकिन मायके के लोग आर्थिक तंगी की वजह से इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ थे। दहेज की रकम नहीं लाने पर ससुरालवालों ने निशा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के दिन उसकी हत्या कर दी।

साक्ष्य छुपाने के लिए ससुरालवालों ने शव को गांव में जला दिया और घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में पुलिस ने कहा कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक आवेदन नहीं मिला है। जानकारी मिली है कि लड़की की करंट लगने से मौत हुई है और उसका दाह संस्कार भी कर दिया गया है। उनके मायके वालों को सूचना दी गई है। अगर वो लिखित देते हैं तो एफआईआर दर्ज करवाकर कार्रवाई की जाएगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button