देश

बंगाल भाजयुमो कार्यकर्ता की हत्या की सीबीआई जांच की मांग

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गृह मंत्री अमित शाह की पश्चिम बंगाल यात्रा के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक कार्यकर्ता की हत्या की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच कराये जाने की मांग की और कहा कि विपक्षी दल के शासन वाले राज्यों में इंसान की जान की कीमत उसका दल और धर्म देख कर तय की जाती है। भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजयुमो के एक युवा एवं कर्मठ कार्यकर्ता 27 वर्षीय अर्जुन चौरसिया की हत्या कर दी गयी। यह संयोग नहीं, प्रयोग है। वह गृह मंत्री श्री शाह के स्वागत में एक मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व करने वाला था। इस युवक को पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों के बाद से तृणमूल कांग्रेस से धमकियां दी जा रहीं थीं।

भाटिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जो अराजकता एवं डर का माहौल है, उसके लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं क्योंकि वह ही राज्य की गृह मंत्री हैं। ऐसा लगता है कि दो मई और बंगाल में कानून व्यवस्था गई। चुनाव के बाद एक सिलसिला चालू हो गया कि भाजपा के नेताओं को घेरो और कार्यकर्ताओं की हत्या करो। महिलाओं का बलात्कार करो। उनके परिवार सरकार से न्याय की गुहार लगाते रहें लेकिन सरकार आरोपियों को संरक्षण दे।उन्होंने कहा कि इस भय, अराजकता का माहौल और इस रक्तरंजित राजनीति का अंत भाजपा ही करेगी। सुश्री ममता बनर्जी गुरूर में हैं। जनता सत्ता देना जानती है तो हटाना भी जानती है। भाजपा जनता के साथ मिलकर आप को सत्ता से हटाएगी।

उन्होंने कहा कि अर्जुन चौरसिया की हत्या का संदेश यह है कि अगर कोई तृणमूल कांग्रेस का विरोध करेगा तो उसकी सजा मौत है। सबसे दुखद बात यह है कि पुलिस तृणमूल कांग्रेस का प्रकोष्ठ बन कर काम कर रही है। सबूतों को नष्ट कर रही है। आखिर ऐसा कब तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सुश्री बनर्जी की जिम्मेदारी थी कि परिवार को इंसाफ मिले, आरोपी जेल की सलाखों के पीछे खड़े हों।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि समय गवाह है कि 22 मार्च से 181 राजनीतिक हिंसा की घटनाएं हुईं हैं। उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय ने ममता सरकार को फटकार लगायी है। कोलकाता उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लेकर हत्या की 64 और बलात्कार की 52 एवं अन्य घटनाओं की सीबीआई से जांच कराने का आदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा मांग करती है कि अर्जुन चौरसिया की हत्या की जांच भी सीबीआई करे।श्री भाटिया ने तेलंगाना में कुछ दिन पूर्व एक युवक वी. नागराजू की चाकू मार कर हत्या किये जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं से जाहिर है कि तुष्टीकरण की राजनीति विपक्ष का हथियार है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीतिक परिस्थियों को देखा जाये तो पता चलता है कि जहां जहां भाजपा का शासन है वहां वहां कानून का शासन है। अपराधी कानून से डरते हैं। जबकि विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों – पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पंजाब आदि में इंसान की जान की कीमत उसके दल और उसके धर्म को देख कर तय की जाती है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button