देशबड़ी खबर

बाबा सिद्दीकी के मोबाइल नंबर से फ्रॉड की थी साजिश, दिल्ली से एक आरोपी गिरफ्तार

मुंबई: दिवंगत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद उनके मोबाइल नंबर को धोखे से किसी और सिम कार्ड पर एक्टिवेट करने की कोशिश की जा रही थी। मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने दिल्ली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के बुराड़ी इलाके के विवेक सब्रवाल के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले भी साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं।

रची जा रही थी साजिश

पुलिस के अनुसार, विवेक सब्रवाल पर आरोप है कि उसने बाबा सिद्दीकी के मोबाइल नंबर को किसी अन्य सिम कार्ड पर चालू कर धोखाधड़ी की साजिश रची थी। मुंबई में सब्रवाल के खिलाफ पहले से ही दो मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक मुख्य दंडाधिकारी की अदालत क्रमांक 37 में और दूसरा बोरीवली की अदालत क्रमांक 17 में चल रहा है। बोरीवली वाले मामले में उसे जमानत मिल चुकी है।

बाबा सिद्दीकी का फोन नंबर चालू

बाबा सिद्दीकी के निधन के बाद भी उनके परिवार ने उनका मोबाइल नंबर चालू रखा है, क्योंकि यह उनके व्यावसायिक कार्यों से जुड़ा हुआ है। 24 जून को, दिवंगत बाबा सिद्दीकी की पत्नी शहजीन सिद्दीकी के नाम से एक ईमेल आया था। इस ईमेल में बाबा सिद्दीकी के मोबाइल नंबर से संबंधित आधिकारिक हस्ताक्षर के बारे में जानकारी मांगी गई थी। चौंकाने वाली बात यह थी कि इस मेल के साथ शहजीन सिद्दीकी का आधार कार्ड, पैन कार्ड, वस्तु और सेवा कर (GST) नंबर और पारिवारिक कंपनी का लेटरहेड भी इस्तेमाल किया गया था।

परिवार को धोखाधड़ी का हुआ शक

आरोपी ने मोबाइल नंबर को दूसरे सिम कार्ड पर शुरू कर उससे धोखाधड़ी करने की योजना बनाई थी। हालांकि, संबंधित कंपनी ने इस आवेदन की जानकारी ईमेल के जरिए दी। कंपनी ने बाबा सिद्दीकी की बेटी डॉ. अर्शिया को भी ईमेल की सीसी (कार्बन कॉपी) में रखा था, जिससे परिवार को इस मामले में धोखाधड़ी का शक हुआ।

कई धाराओं में मामला दर्ज

इसके बाद, डॉ. अर्शिया ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। बांद्रा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2) (धोखाधड़ी करना), 62 (जेल योग्य अपराध का प्रयास), 335 (झूठे दस्तावेज बनाना), 336(2) और 336(3) (दस्तावेजों की जालसाजी), एवं 340(2) (फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को असली दर्शाना) के तहत मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस ने दिल्ली से एक आरोपी विवेक सब्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में यह मामला साइबर फ्रॉड ग्रुप से जुड़ा लग रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button