देश

पयर्टन को बढ़ावा देने को विदेशी पर्यटकों के लिए वीजा प्रक्रिया को आसान बनाए भारतः रिपोर्ट

नई दिल्ली। सरकार को विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वीजा प्रक्रिया को अधिक अनुकूल बनाने और भारत आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा चिंताएं दूर करने पर ध्यान देना चाहिए। पर्यटन पर केंद्रित एक रिपोर्ट में यह सुझाव दिया गया है। सलाहकार फर्म नांगिया एंडरसन ने उद्योग मंडल फिक्की के सौजन्य से जारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विदेश से भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या में 2022-27 के दौरान सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है।

लोगों के पास खर्च लायक आय बढ़ने, मध्यम वर्ग की संख्या में बढ़ोतरी और एक आकर्षक पर्यटक स्थल के तौर पर भारत के बारे में बढ़ती जागरूकता इस वृद्धि में अहम योगदान निभाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड-19 महामारी की वजह से पैदा हुई चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2022 में 62 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए थे जो महामारी से बुरी तरह प्रभावित वर्ष 2021 के 15.2 लाख पर्यटकों की तुलना में 307.9 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा पर्यटन ने पिछले साल देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 9.2 प्रतिशत का योगदान दिया है और 4.46 करोड़ रोजगार भी पैदा किए हैं।

रिपोर्ट में भारत के पर्यटन परिदृश्य को संभावनाओं से भरपूर बताते हुए कहा गया है कि विदेशी पर्यटकों को अधिक संख्या में आकर्षित करने के लिए सरकार को कई मोर्चों पर कदम उठाने होंगे। इनमें वीजा प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करना शामिल हैं। नांगिया एंडरसन एलएलपी के प्रबंध साझेदार एवं सार्वजनिक क्षेत्र परामर्श प्रमुख सूरज नांगिया ने कहा कि यह रिपोर्ट भारत आने वाले पर्यटकों के लिए इसे यादगार अनुभव बनाने से जुड़े सुझाव देती है। इससे निवेशकों एवं डेवलपरों के लिए भी भावी अवसरों को पहचानने में मदद मिलेगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button