देश

कर्नाटक विधानसभा चुनाव: पीएम मोदी ने बेंगलुरु में आठ किलोमीटर लंबा रोड शो किया शुरू

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले रविवार सुबह बेंगलुरु में आठ किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े सूत्रों के अनुसार, थिप्पसंद्र में केंपेगौड़ा की प्रतिमा से ट्रिनिटी सर्कल तक निकाले जा रहे इस रोड शो के डेढ़ घंटे में समाप्त होने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, रोड शो की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री ने केंपेगौड़ा (बेंगलुरु के संस्थापक) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। सूत्रों ने बताया कि यह रोड शो पांच विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। रोड शो के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर और बेंगलुरु सेंट्रल के सांसद पी सी मोहन भी सवार हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पूरे मार्ग पर व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जिनमें रोड शो को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराए जाने के लिए सड़कों पर अवरोधक लगाए जाना शामिल है। सड़कों के किनारे हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। पूरे मार्ग में भाजपा के झंडे लगाए गए हैं और पार्टी समर्थकों ने केसरिया रंग की शॉल व टोपी पहन रखी है, जिससे पूरा मार्ग केसरिया रंग से रंगा प्रतीत हो रहा है।

भाजपा ने रविवार को होने जा रही राष्ट्रीय प्रात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को मोदी के दो दिवसीय रोड शो के कार्यक्रम में बदलाव किया था। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने शनिवार को बेंगलुरु में एक रोड शो किया था और बागलकोट जिले के बादामी और हावेरी में रैलियों को संबोधित किया था।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button