देश

पीएम आवास योजना के लाभार्थी को मोदी का पत्र, पक्का घर बेहतर कल की बुनियाद

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीएम आवास योजना के एक लाभार्थी सुधीर कुमार जैन के लिखे पत्र का जवाब देते हुए कहा, “पक्का घर एक सम्मानजनक जीवन की नींव है और यह न केवल हमें सुरक्षा प्रदान करता है बल्कि बेहतर कल की बुनियाद को मजबूत बनाता है।” श्री मोदी ने कहा कि लाभार्थियों के जीवन में आए ये यादगार पल ही राष्ट्र की सेवा में बिना थके, बिना रुके निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा और ऊर्जा देते हैं।

प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुधीर कुमार जैन को पत्र लिखकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने पर बधाई दी है। उन्होंने उनके पत्र के जवाब में लिखा है, “मकान केवल ईंट, सीमेंट से तैयार ढांचा नहीं बल्कि इससे हमारी भावनाएं, हमारी आकांक्षाएं जुड़ी होती हैं। घर की चहारदीवारी हमें सुरक्षा तो प्रदान करती ही है, साथ ही हमारे अंदर एक बेहतर कल का भरोसा और विश्वास भी जगाती है। अपनी छत, अपना घर पाने की खुशी अनमोल होती है।”

श्री मोदी ने लिखा, “प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए आपके अपने घर का सपना साकार हुआ है। इस उपलब्धि के बाद आपके अंदर जो संतोष का भाव है उसका आभास पत्र में आपके शब्दों से सहज ही हो जाता है। आपके परिवार के गरिमापूर्ण जीवन और दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए यह घर एक नए आधार की तरह है।”

इस दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना के तहत अब तक करोड़ों लाभार्थियों को अपना पक्का घर मिलने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद परिवार को घर उपलब्ध कराने के लक्ष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ तेज गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जन-कल्याण की विभिन्न योजनाओं के जरिए देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के ईमानदार प्रयास कर रही है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button