देश

ICU में भर्ती मुलायम सिंह यादव की हालत स्थिर, अखिलेश परिवार संग पहुंचे मेदांता अस्पताल; PM ने फोन कर जाना हाल

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव की रविवार को एक बार फिर तबीयत बिगड़ गई है। डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया है, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

मुलायम सिंह बीते अगस्त महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनका यहां लंबे समय से इलाज चल रहा है। शनिवार रात को उनकी तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें जनरल वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल की ओर से उनके परिवार को भी इसकी सूचना दे दी गई, जिसके बाद रविवार शाम उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी उनसे मिलने मेदांता अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मुलायम सिंह यादव बीते लगभग डेढ़ महीने से अस्पताल में ही भर्ती हैं। शनिवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। वह खाना भी नहीं खा रहे हैं। उन्हें पाइप के जरिये लिक्विड डाइट दी जा रही है। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले छह सितंबर को भी अखिलेश यादव और बिहार के सीएम नीतीश कुमार मुलायम सिंह से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे।

पीएम ने अखिलेश को फोन कर जाना मुलायम का हाल

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात कर उनके पिता मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी संभव सहायता की जरूरत है, वह हर प्रकार की मदद के लिए मौजूद हैं।

वहीं, समाजवादी पार्टी ने रविवार रात ट्वीट कर कहा, ”आदरणीय नेता जी आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय समय पर दी जाती रहेगी।”

बता दें कि, समाजवादी पार्टी के संस्थापक 82 वर्षीय मुलायम सिंह वह वर्तमान में मैनपुरी सीट से लोकसभा सांसद हैं। इससे पहले, समाजवादी पार्टी के मुखिया की पत्नी साधना गुप्ता का इस साल जुलाई में निधन हो गया था। फेफड़ों के संक्रमण के लिए गुरुग्राम के ही मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button