देशराज्य

सीएए को लेकर अफवाहें फैला रहा है विपक्ष, नागरिकता देना मोदी की गारंटी: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर अफवाहें फैला रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ‘‘मां भारती’’ में आस्था रखने वालों को नागरिकता देना मोदी की गारंटी है।

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार के रास मेला मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने भ्रष्ट को बचाने का प्रयास करने के लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें दंडित किया जाए।

संदेशखालि की हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए मोदी ने आश्वासन दिया कि दोषियों को अपना शेष जीवन जेल में बिताना होगा। संदेशखालि में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ यौन शोषण के आरोप सामने आए हैं।

लोगों से एक मजबूत सरकार चुनने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए केंद्र में ‘मजबूत सरकार’ की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने कभी हाशिए पर पड़े समुदायों की परवाह नहीं की। टीएमसी, लेफ्ट और कांग्रेस ने कभी भी राजबंशी, नामशूद्र और मतुआ समुदायों की परवाह नहीं की। अब जब हम सीएए लाए हैं, तो वे अफवाहें और झूठ फैला रहे हैं। मां भारती में आस्था रखने वालों को नागरिकता देना मोदी की गारंटी है।

उनकी टिप्पणी तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के उन दावों की पृष्ठभूमि में आई है जिसमें कहा गया है कि सीएए के लिए आवेदन करने से वैध नागरिक विदेशी बन जाएंगे।

सीएए के नियमों को 13 मार्च को अधिसूचित किया गया था। इसके मुताबिक सरकार अब पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से सताए गए उन गैर-मुस्लिम प्रवासियों – हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई को भारतीय नागरिकता देना शुरू करेगी, जो 31 दिसंबर, 2014 से पहले भारत आए थे।

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन झूठ और धोखे की राजनीति में लिप्त है।

उन्होंने कहा कि मैं कह रहा हूं कि भ्रष्टाचार हटाओ। विपक्ष कह रहा है कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ। मैं सुनिश्चित करूंगा कि भ्रष्टाचारियों को सजा मिले और गरीबों को न्याय मिले। अगले 5 साल में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विपक्षी खेमे पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आजादी के बाद छह-सात दशकों में देश ने केवल कांग्रेस सरकार का मॉडल देखा। पिछले 10 साल में देश ने भाजपा की सरकार देखी है। आपने जो विकास देखा है वह सिर्फ एक ट्रेलर है, मेरे पास अभी भी देश के लिए करने के लिए बहुत कुछ है। हमें देश को आगे ले जाना है।

अपने परिवार के बारे में विपक्षी गठबंधन के कटाक्ष के जवाब में, मोदी ने कहा कि 140 करोड़ भारतीय ‘मेरे परिवार’ हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष कह रहा है कि मोदी का अपना परिवार नहीं है, लेकिन तथ्य यह है कि पूरा देश मेरा परिवार है। पूरा देश ‘मोदी का परिवार’ है।

संदेशखालि की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने पीड़ितों के प्रति कथित उदासीनता के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बंगाल के विकास के लिए जरूरी है कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार रोकने के लिए भाजपा की यहां से जीत हो।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही बंगाल में महिलाओं पर अत्याचार का खात्मा कर सकती है। पूरे देश ने देखा है कि कैसे टीएमसी ने संदेशखालि की घटना के दोषियों को बचाने के लिए जी-जान से लड़ाई लड़ी। संदेशखालि की महिलाओं के साथ जो हुआ वह टीएमसी के कुशासन का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान महिलाओं को सशक्त बनाने पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रण लिया है कि वह दोषियों को सजा दिलाएगी। संदेशखालि के दोषियों को जेल में ही अपनी जिंदगी गुजारनी होगी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए मोदी ने यहां रैली के आयोजन में कोई बाधा उत्पन्न नहीं करने के लिए उन्हें और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि मैं ममता दीदी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। 2019 में जब मैं एक रैली को संबोधित करने के लिए इसी मैदान में आया था तो उन्होंने इस मैदान को छोटा बनाने के लिए इसके बीच में एक मंच का निर्माण कराया था। उस समय मैंने कहा था कि जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने चुनाव में जवाब दिया।

भाजपा ने 2019 में कूचबिहार लोकसभा सीट जीती थी। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया और मुझे आप सभी से मिलने का अवसर मिला। मैं बंगाल सरकार के प्रति आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने कोई बाधा पैदा नहीं की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया उन्हें एक ऐसे मजबूत नेता के रूप में स्वीकार करती है जो सख्त फैसला ले सकता हो। उन्होंने कहा कि देश भ्रष्टाचार और आतंकवाद से मुक्त हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मोदी ने कड़े फैसले लिए हैं।

मोदी ने इस देश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कड़े फैसले लिए हैं। मोदी ने मतदाताओं से भ्रष्टाचार और हिंसा के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस को कड़ा संदेश देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि टीएमसी का भ्रष्टाचार और हिंसा किसी भी कीमत पर खत्म होनी चाहिए। उन्होंने या तो बंगाल में केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यान्वयन को रोक दिया है या उस पर अपना ठप्पा लगा दिया है।

माथाभांगा में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सीएए वैध नागरिकों को विदेशी बनाने का एक जाल है। एक बार जब भाजपा सीएए लागू कर देगी, तो राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू किया जाएगा। हम पश्चिम बंगाल में न तो सीएए और न ही एनआरसी लागू करने की अनुमति देंगे।

उन्होंने सवाल किया कि जब भविष्य में एनआरसी लागू करने की कोई योजना नहीं है तो जनगणना विभाग के एक सदस्य को सीएए समिति में क्यों शामिल किया गया है। टीएमसी सुप्रीमो ने कहा कि सीएए सिर है तो एनआरसी पूंछ है।

मोदी के आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार की बात कर रहे थे लेकिन भाजपा भ्रष्ट लोगों को पनाह देती है। वह जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे थे। यह उनकी गारंटी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button