देशराजनीतिराज्यहरियाणा

कांग्रेस के पास नहीं लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार

हरियाणा भाजपा की चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला का कहना है कि राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत होगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा सभी सीटों पर कमल के फूल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झोली में डालने का काम करेगी।

बराला ने कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों का अभाव बना हुआ है। सुभाष बराला पंचकूला, चंडीगढ़, रोहतक और करनाल के दौरे के बाद मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

सुभाष बराला लगातार लोकसभा चुनाव का प्रबंधन देखने का काम कर रहे हैं। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने का सिलसिला लगातार जारी है।

गुरुग्राम के सोहना के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता सुनील चौधरी के नेतृत्व में सुभाष बराला से चंडीगढ़ में मुलाकात की और उन्हें विपक्षी राजनीतिक दलों की गतिविधियों की रिपोर्ट सौंपी।

ऐसी रिपोर्ट हर संसदीय क्षेत्र से तैयार कराई जा रही है, ताकि उसके आधार पर जरूरत पड़ने पर भाजपा अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव कर सके।

भाजपा की योजना विजय संकल्प रैलियों के बाद लोकसभा स्तर पर रैलियां करने की भी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जोड़ी विधानसभा स्तर की विजय संकल्प रैलियां करने में जुटी है।

राजस्थान और उत्तराखंड के बाद अब मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। उनकी पहली जनसभा सहारनपुर जिले के नकुड़ कस्बे में होगी।

सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस अभी तक अपने उम्मीदवार भी तय नहीं कर पा रही है। कांग्रेस के पास उम्मीदवार ही नहीं हैं। उनमें चुनाव लड़ने को लेकर नहीं, बल्कि चुनाव न लड़ने को लेकर सिर फुटौवल की स्थिति बनी हुई है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button