देश

‘प्रधानमंत्री मोदी को मणिपुर से ज्यादा इजराइल की चिंता’, राहुल गांधी का तंज

आइजोल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मणिपुर से ज्यादा इजराइल की घटनाओं से चिंतित हैं। मणिपुर में इस वर्ष मई से ही जातीय संघर्ष के कारण हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस नेता गांधी ने शहर की सड़कों पर दो किलोमीटर की पदयात्रा के बाद आइजोल में राजभवन के नजदीक एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पड़ोसी मणिपुर अब एक संगठित राज्य नहीं रह गया है, बल्कि जातीय आधार पर दो राज्यों में बंट गया है।

चुनावी राज्य मिजोरम की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे राहुल ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस ने 1986 में शांति समझौते पर हस्ताक्षर करके विद्रोह प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य में शांति स्थापित करने की पहल की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह आश्चर्य की बात है कि प्रधानमंत्री और भारत सरकार को इजराइल में जो (इजरायल-हमास संघर्ष) हो रहा है उसमें इतनी दिलचस्पी है, लेकिन मणिपुर में क्या हो रहा है उसकी कोई चिंता नहीं। मणिपुर में लोगों की हत्याएं की गईं, महिलाओं से छेड़छाड़ की गई और बच्चों को मार दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की अवधारणा एक-दूसरे का सम्मान करने, सहिष्णु बनने, एक दूसरे के विचारों, धर्मों और भाषाओं से सीखने की है….. यही भारत की अवधारण है जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमला कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे (भाजपा) विभिन्न समुदायों, धर्मों और भाषाओं पर हमला करते हैं और वे देश में नफरत और हिंसा फैलाते हैं। वे अहंकार और एक दूसरे को नहीं समझने की प्रवृत्ति को फैला रहे हैं जो भारत की अवधारण के पूरी तरह से खिलाफ है।’’ मिजोरम विधानसभा के लिए चुनाव सात नवंबर को एक ही चरण में होंगे और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button