देश

राहुल गांधी पर राजनाथ सिंह का कटाक्ष, बोले- अमेठी से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है…

पत्तनमथिट्टा (केरल)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया और कहा कि वह 2019 में अमेठी लोकसभा सीट से हार गए थे इसलिए उनमें इस बार वहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। सिंह ने कहा कि गांधी अपनी हार के बाद उत्तर प्रदेश से केरल पलायन कर गए हैं।

उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अनिल के एंटनी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए कहा,‘‘ मैंने सुना है कि वायनाड के लोगों ने उन्हें (राहुल गांधी) अपना सांसद नहीं बनाने का फैसला किया है।’’ सिंह ने कहा कि देश में विभिन्न अंतरिक्ष कार्यक्रम और परियोजनाएं लॉन्च की जा रही हैं ‘‘लेकिन कांग्रेस के युवा नेता पिछले 20 वर्ष में ‘लॉन्च’ नहीं हो पाए।’’

उन्होंने वायनाड से कांग्रेस सांसद पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी का ‘राहुलयान’ न तो ‘लॉन्च’ हो पाया और न ही कहीं ‘लैंड’ कर पाया। राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी की सराहना की और उन्हें अनुशासित तथा सिद्धांतवादी व्यक्ति करार दिया जिसकी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। सिंह ने कहा कि वह एंटनी के इस बयान पर हैरान रह गए कि अनिल एंटनी चुनाव हार जाएं।

सिंह ने कहा,‘‘ मैं जानता हूं कि वह (ए के एंटनी) सिद्धांतवादी व्यक्ति हैं और मैं उनकी मजबूरियां समझता हूं। उनके लिए अनिल एंटनी का समर्थन करना मुश्किल है। हालांकि मैं उनसे कहना चाहूंगा कि अनिल आपका बेटा है।’’ उन्होंने कहा,‘‘ आप (ए के एंटनी) उन्हें (अनिल) वोट न दें या उनके लिए वोट नहीं मांगे लेकिन आप उनके पिता हैं और इस नाते मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आपका आशीर्वाद उनके साथ हो।’’ केरल में लोकसभा चुनाव 26 अप्रैल को होंगे और नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button