देश

सारण लोकसभा सीट से रोहिणी आचार्य ने किया नामांकन, पिता लालू और भाई तेजस्वी समेत पूरा परिवार साथ

छपरा: 20 मई को पांचवें चरण में सारण लोकसभा सीट पर वोटिंग होनी है. ऐसे में आरजेडी कैंडिडेट रोहिणी आचार्य ने सोमवार (29 अप्रैल) को नामांकन दाखिल कर दिया है. रोहिणी आचार्य के नोमिनेशन के वक्त उनका पूरा परिवार मौजूद रहा. इस दौरान समर्थकों की भी भारी भीड़ देखने को मिली. समर्थक लालू यादव को अपने बीच देखकर खासे उत्साहित नजर आए.

सारण सीट से रोहिणी आचार्य ने किया नामांकन: रोहिणी के साथ उनके पिता और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव भी छपरा पहुंचे हैं. नामांकन के बाद छपरा स्थित राजेंद्र स्टेडियम में जनसभा का भी आयोजन किया गया है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, वीआईपी चीफ मुकेश सहनी और आरजेडी के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी भी शामिल होंगे.

सारण लोकसभा सीट से नामांकन करने पहुंचीं रोहिणी आचार्य

रोहिणी आचार्य और लालू पर बीजेपी हमलावर: जिस दिन से आरजेडी ने सारण सीट से रोहिणी आचार्य को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है, उस दिन से एनडीए के तमाम नेता लालू और उनकी बेटी पर निशाना साध रहे हैं और परिवारवाद का आरोप लगा रहे हैं. वहीं सम्राट चौधरी ने कहा था कि लालू यादव ने पहले बेटी से किडनी ली फिर टिकट दिया. इस बयान के बाद जमकर बवाल भी हुआ था. वहीं 10 प्लस का मतलब लालटेन वाले बयान पर भी आरजेडी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर अभी भी जारी है.

रोहिणी आचार्य और रूडी के बीच मुकाबला: बता दें कि रोहिणी आचार्य का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी से है. सारण की जंग काफी दिलचस्प रही है. 2009 में इस सीट पर लालू यादव ने कब्जा किया था और रूडी को हराया था. वहीं 2014 में आरजेडी ने इस सीट से राबड़ी देवी को खड़ा किया था, लेकिन राजीव प्रताप रूडी ने उन्हें 314172 वोट से हरा दिया. 2019 में रूडी एक बार फिर से जीते, उन्होंने लालू यादव के समधी चंद्रिका राय को हराया था.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button