देश

Russia-Ukraine War: पूरे यूक्रेन में रूस के हवाई हमला का अलर्ट जारी, राजधानी कीव समेत कई शहरों में बजे वॉर सायरन

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले दो हफ्तों से युद्ध चल रहा है. रूस पूर्वी यूक्रेन में लगातार हवाई हमला कर रहा है. इसके अलावा, मिसाइलों के जरिए भी यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया जा रहा है. कहा जा रहा है कि राजधानी कीव में भी रूसी विमानों ने बम बरसाए हैं. इसी बीच, पूरे यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी कर दिया गया है. कीव, ओडेसा, तर्नोपिल में वॉर सायरन बज रहे हैं. इसके अलावा, चेर्निवत्सी, लवीव, जेपोरिजिया में भी सायरन बजने लगे हैं. माना जा रहा है कि रूसी लड़ाकू विमान किसी भी वक्त यूक्रेन के इन शहरों पर बम बरसा सकते हैं. ऐसे में लोगों ने शेल्टर्स में शरण ले ली है.

रूस द्वारा लगातार यूक्रेन के प्रमुख शहरों को निशाना बनाया ज रहा है. इसके पीछे का इरादा यूक्रेन की सेना का मनोबल तोड़ना है. हालांकि, अभी तक रूस को यूक्रेन की सेना की तरफ से कड़ी टक्कर देखने को मिली है. हालांकि, युद्ध का प्रभाव भी देखने को मिला है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोगों को जान बचाने के लिए अपने घरों को छोड़ना पड़ा है. संयुक्त राष्ट्र ने बताया है कि युद्ध से बचने के लिए अभी तक यूक्रेन से 25 लाख लोगों ने घर छोड़ा है. इन शरणार्थियों ने पोलैंड, हंगरी, रोमानिया जैसे देशों में जाकर शरण ली है. इनमें से अधिकतर शरणार्थी बच्चे, बूढ़े और महिलाएं हैं, क्योंकि युवाओं ने जंग में हिस्सा लिया हुआ है.

मेलिटोपोल शहर के महापौर का रूस ने किया अपहरण: जेलेंस्की

इसी बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को रूस पर मेलिटोपोल शहर के महापौर का अपहरण करने का आरोप लगाया और इसकी तुलना ‘ISIS आतंकवादियों’ के कार्यों से की. जेलेंस्की ने शुक्रवार शाम एक वीडियो संबोधन में कहा, ‘वे आतंक के एक नए चरण में चले गए हैं, जिसमें वे यूक्रेन के वैध स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों को मिटाने, उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.’ यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख किरिल टिमोशेंको ने सोशल मीडिया साइट टेलीग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि इस वीडियो में एक चौराहे पर महापौर इवान फेडोरोव को ले जा रहे हथियारबंद लोगों का समूह दिख रहा है.

लुहान्सक में फेडोरोव के खिलाफ था आपराधिक मामला

रूसी सेना ने 26 फरवरी को 150,000 की आबादी वाले दक्षिणी बंदरगाह शहर मेलिटोपोल पर कब्जा कर लिया था. पूर्वी यूक्रेन में मॉस्को समर्थित विद्रोहियों के क्षेत्र लुहान्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के अभियोजक कार्यालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि फेडोरोव के खिलाफ आपराधिक मामला था. अभियोजक के कार्यालय ने फेडोरोव पर ‘आतंकवादी गतिविधियों’ और ‘राइट सेक्टर’ के लड़ाकों को डोनबास के नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी अपराध करने के लिए वित्तपोषण करने का आरोप लगाया. कार्यालय ने कहा कि वह फेडोरोव की तलाश कर रहा है और उनके ठिकाने के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को कार्यालय से संपर्क करने को कहा.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button