देश

बैंक मैनेजर की हत्या का सुरक्षा बलों ने लिया बदला, शोपियां में दो आतंकियों को मार गिराया

जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन लगातार जारी है। आज सुबह सवेरे जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया। इन दो आतंकवादियों में वह आतंकवादी भी शामिल था जिसने कुलगाम जिले में बैंक प्रबंधक विजय कुमार की हत्या की थी। यानी कि 13 दिनों के बाद सुरक्षाबलों ने आखिरकार बैंक मैनेजर विजय कुमार के हत्यारे को मौत के घाट उतार ही दिया। घटना की जानकारी देते हुए कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बताया कि मारे गए एक आतंकवादी की पहचान जान मोहम्मद लोन के तौर पर हुई है, जो कथित तौर पर कुलगाम जिले में हाल ही में की गई बैक प्रबंधक की हत्या के मामले में शामिल था।

आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि शोपियां में जो एंकाउंटर हुआ है वो ये 2 जून को बैंक मैनेजर पर अटैक हुआ था इससे संबंध रखता है। इस मामले में जब हमने CCTV की मदद ली और आतंकवादी की पहचान की गई उसका नाम जान मोहम्मद लोन था जो कि आतंकवादी था। उन्होंने आगे बताया कि हमने उसके परिवार वालों को बुलाया उन्होंने उसकी पुष्टि की वही उनका बेटा है। परिवार वालों ने बताया कि पिछले 2 महीने से वे रातभर ऑनलाइन चैटिंग करता था।

अटैक करने के बाद से ये गायब था। हम इसे ट्रैक कर रहे थे। इसी कड़ी में ये कार्रवाई हुई। आपको बता दें कि आतंकवादियों ने बैंक परिसर में राजस्थान से नाता रखने वाले एक बैंक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घाटी में एक मई से तीसरी बार किसी गैर-मुस्लिम सरकारी कर्मचारी की हत्या की गई थी। वहीं, पिछले एक महीने में लक्षित हत्या का यह आठवां मामला था। अधिकारियों ने बताया कि विजय कुमार दक्षिण कश्मीर जिले में इलाकाई देहाती बैंक की अरेह मोहनपोरा शाखा में प्रबंधक थे।

गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादी लगातार आतंक के तरीकों में बदलाव कर अब आम लोगों को अपना निशाना बना रहे है। यही कारण रहा कि जम्मू-कश्मीर में पिछले दिनों आम आदमी को आतंकवादियों ने निशाना बनाते हुए कई लोगों की हत्या कर दी। हालांकि, सुरक्षा बलों का आतंकवादियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन जारी है। गृह मंत्री अमित शाह ने इन घटनाओं के बाद जम्मू कश्मीर की सुरक्षा स्थिति पर एक बड़ी बैठक की थी। जिसमें जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ-साथ सुरक्षा बलों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वहीं, जम्मू कश्मीर में हमारे सुरक्षा बल भी ऐक्शन में हैं। इस साल 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया जा चुका है।

श्रीनगर में मुठभेड़

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी नागरिक समेत लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकवादी एक समूह का हिस्सा थे, जो अमरनाथ यात्रा पर हमला करने की योजना बना रहा था। अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में पांच पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। पुलिस के एक प्रवक्ता के मुताबिक, मारे गए आतंकवादियोंकी पहचान पाकिस्तान के फैसलाबाद के रहने वाले अब्दुल्ला गौजरी और अनंतनाग के आदिल हुसैन मीर उर्फ सूफियां उर्फ मुसाब के रूप में हुई है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button