देश

ऐसा उन्हीं देशों में संभव है, जहां लोकतंत्र या विपक्ष नहीं: खड़गे को जी20 रात्रिभोज के लिए आमंत्रित न करने पर चिदंबरम ने कहा

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को जी20 रात्रिभोज के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने पर सरकार की आलोचना करते हुए शनिवार को कहा कि ऐसा केवल उन्हीं देशों में संभव है, जहां लोकतंत्र या विपक्ष का अस्तित्व नहीं है। चिदंबरम ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि ‘‘इंडिया, जो कि भारत है’’ उस स्थिति में नहीं पहुंचा है, जहां लोकतंत्र और विपक्ष का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि पार्टी प्रमुख खरगे को जी20 रात्रिभोज के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार भारत की 60 प्रतिशत आबादी के नेता को महत्व नहीं देती। चिदंबरम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं कल्पना नहीं कर सकता कि किसी अन्य लोकतांत्रिक देश की सरकार विश्व के नेताओं के लिए आयोजित राजकीय रात्रिभोज में विपक्ष के मान्यता प्राप्त नेता को आमंत्रित नहीं करे। ऐसा केवल उन्हीं देशों में हो सकता है, जहां लोकतंत्र नहीं है या विपक्ष नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि ‘इंडिया, जो कि भारत है’ उस स्थिति में नहीं पहुंचा है, जहां लोकतंत्र और विपक्ष का अस्तित्व नहीं हो।’’ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल ‘भारत मंडपम’ में विश्व के नेताओं के लिए शनिवार को रात्रिभोज का आयोजन करेंगी। राहुल ने ब्रसेल्स स्थित ‘ब्रसेल्स प्रेस क्लब’ में संवाददाताओं से कहा था कि सरकार के कदम उसकी सोच दर्शाते हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button