देश

दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में फिर चली गोली, दो वकील घायल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में एक बार फिर गोली चली। गेट संख्या-8 पर सिक्योरिटी ऑफिसर और वकीलों के बीच कहासुनी के दौरान सिक्योरिटी ऑफिसर ने गोली चला दी, जिससे दो वकील मामूली रूप से घायल हो गए। घायल वकीलों को अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, पुलिस सिक्योरिटी ऑफिसर की राइफल और खाली खोल बरामद कर उससे पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से ही वकीलों में रोष है।
डीसीपी प्रणव तयाल ने बताया कि 9.40 बजे रोहिणी कोर्ट में गोली चलने की कॉल मिली थी। गोली चलते ही अंदर एवं बाहर दोनों तरफ अफरातफरी मच गई। घटना गेट संख्या-8 के पास संजीव चौधरी और रिशि चोपड़ा नाम के वकीलों का रोहित नाम के एक अन्य व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था, बात हाथापाई तक पहुंची। लोग गेट संख्या-8 के अंदर कोर्ट परिसर में एंट्री कर गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी दौरान मौके पर मौजूद नगालैंड पुलिस (एनएपी) के एक सिपाही ने झगड़ा कर रहे वकील और अन्य व्यक्तियों को बाहर निकालने की कोशिश की। जिसके बाद वकीलों का सिक्योरिटी ऑफिसर से झगड़ा शुरू हो गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। जिसके बाद सिक्योरिटी ऑफिसर ने जमीन पर गोली चला दी। गोली के छर्रे दोनों वकीलों को लग गए जिससे दोनों घायल हो गए। दोनों घायल वकीलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोली चलाने वाले से उसकी राइफल और खाली खोल बरामद कर लिया है।
वहीं, इस घटना के बाद से ही वकीलों में रोष है। उनका कहना है कि जिसे हमारी सुरक्षा के लिए लगाया गया है अगर वही हमारे खतरे का कारण बने तो उन्हें ऐसी सिक्योरिटी नहीं चाहिए। वकीलों ने इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वो धरना और हड़ताल करेंगे। घटना को लेकर पुलिस की जांच लगातार जारी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button