उत्तर प्रदेश

टैबलेट से खुलेगी डिजिटल शिक्षा की नई राह, युवाओं ने सीएम योगी का जताया आभार

पढ़ाई से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक में मिलेगी मदद, एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे अध्ययन संसाधन

लखनऊ, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इस दौरान सीतापुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी, सुयश अवस्थी, एसजीपीजीआई के राज कश्यप, बीएससी नर्सिंग की छात्रा ओजस्वी सिंह सहित रागिनी और सुमन को भी टैबलेट मिला। विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई और भविष्य की तैयारी के लिए उपयोगी बताते हुए योगी सरकार की पहल की सराहना की।

*डिजिटल सामग्री से आसान होगी पढ़ाई*

सीतापुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि टैबलेट मिलने से पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधनों तक पहुंच आसान होगी। अब किताबों के साथ ही इंटरनेट पर उपलब्ध अध्ययन सामग्री, विषयों से जुड़े वीडियो और ऑनलाइन कक्षाओं का भी लाभ लिया जा सकेगा। इससे कठिन विषयों को समझने और अपनी तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सुयश अवस्थी ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान भी बेहद जरूरी है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी अपनी जरूरत के मुताबिक अध्ययन सामग्री जुटा सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन आवेदन और नई जानकारियां हासिल करने में भी यह काफी मददगार साबित होगा।

*नर्सिंग की पढ़ाई में मिलेगी विशेष मदद*

एसजीपीजीआई के छात्र राज कश्यप ने टैबलेट को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई जानकारियां सामने आती रहती हैं। ऐसे में डिजिटल माध्यम से विषयों को समझने, शैक्षणिक सामग्री पढ़ने और नवीन जानकारियों से अपडेट रहने में सुविधा मिलेगी। वहीं, एसजीपीजीआई से बीएससी नर्सिंग कर रहीं ओजस्वी सिंह ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ भी जरूरी है। टैबलेट से विषयों से संबंधित वीडियो, चित्रों, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक व्याख्यानों के जरिए जटिल विषयों को समझना आसान होगा। इससे पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

*युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही सरकार*

रागिनी और सुमन ने भी टैबलेट वितरण को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरण मिलने से पढ़ाई के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी। घर पर भी ऑनलाइन कक्षाओं, ई-पुस्तकों और शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से पढ़ाई जारी रख सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर पाएंगे। विद्यार्थियों ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण हर छात्र के लिए टैबलेट या लैपटॉप खरीदना आसान नहीं होता। ऐसे में सरकार की यह योजना बहुत लाभकारी है।

अमन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को तकनीक से जोड़ने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है। यह पहल न केवल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button