यमुना-हिंडन डूब क्षेत्र में मिलेंगे अस्थायी बिजली कनेक्शन, योगी सरकार का बड़ा फैसला

यमुना-हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले हजारों निवासियों को अब अवैध बिजली कनेक्शन के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन ने इन क्षेत्रों में अस्थायी नियमित बिजली कनेक्शन देने का रास्ता निकाला है। जल्द ही इस संबंध में आदेश जारी होने की तैयारी है।
गौतमबुद्धनगर के नोएडा और गाजियाबाद के कुछ हिस्सों में वर्ष 2010 से डूब क्षेत्र के कारण बिजली कनेक्शन देने पर रोक थी। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में बड़ी संख्या में घरों में अवैध कनेक्शन के जरिए बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। सरकार की नई व्यवस्था का उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के साथ सुरक्षित और नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई होने तक निवासियों को अंतरिम रूप से अस्थायी कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके लिए बिजली नेटवर्क और कनेक्शन की लागत उपभोक्ताओं से ली जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया जाएगा कि बिजली कनेक्शन मिलने से संपत्ति पर किसी तरह का वैधानिक स्वामित्व या निवास का अधिकार साबित नहीं होगा।
प्रशासन की ओर से यदि किसी निर्माण को हटाने की कार्रवाई की जाती है तो संबंधित बिजली कनेक्शन काटा जा सकेगा। बाढ़ या पर्यावरणीय क्षति से जुड़े मामलों में भी उपभोक्ता को निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। सरकार का मानना है कि नियमित नेटवर्क के जरिए बिजली आपूर्ति होने से दुर्घटनाओं और अवैध बिजली इस्तेमाल पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।



