परिसीमन बिल पर सीएम योगी ने जताया पीएम मोदी का आभार, 2029 में महिला आरक्षण की उम्मीद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिसीमन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को मंजूरी मिलने से इसे 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके तहत संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
सीएम योगी के मुताबिक, प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया में 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा और राज्यों की मौजूदा सीटों का अनुपात बनाए रखते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और आरक्षित सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से अपील की कि वे इस विधेयक का समर्थन करें, ताकि 2029 के चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके।



