उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा दौरे पर रहेंगे, सीएम शिवाजी म्यूजियम का करेंगे निरीक्षण

फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में शिक्षक और स्नातक एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को सीएम करेंगे संबोधित

आगरा, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को (16 अक्टूबर) ताजनगरी आगरा के दौरे पर रहेंगे। करीब तीन घंटे के प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ताज ईस्ट गेट के पास निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में शिक्षक और स्नातक एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

80 फीसदी पूरा हुआ शिवाजी म्यूजियम का निर्माण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सबसे पहले ताज ईस्ट गेट के पास निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे। म्यूजियम का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसका उद्घाटन 15 दिसंबर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही परियोजना से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। म्यूजियम को लेकर चल रहे कार्यों की स्थिति और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप निर्माण पूरा करने पर विशेष ध्यान रहेगा।

एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा, शोकाकुल परिवार से भी मिलेंगे

म्यूजियम के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी और स्नातक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में आयोजित की जा रही है। इसमें आगरा सहित आसपास के जिलों से कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर पहुंचेंगे। यहां वह उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट से गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button