उत्तर प्रदेशराज्य

सैफई सिंडिकेट का ‘मनीफेस्टो’ जारी करने वाले हैं अखिलेश: ओपी राजभर

सुभासपा अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट कर सपा के प्रस्तावित चुनावी घोषणापत्र पर कसा तंज

  • बोले- हर जिले में माफिया संरक्षक और उसके नीचे गुंडागर्दी के ‘रोजगार’ का होगा इंतजाम
  • महिलाओं से छेड़छाड़ और जमीन कब्जाने वालों को खुली छूट मिलने का कसा तंज
  • कहा- ब्लॉक, तहसील, थाना और मंडी में होगी ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति
  • स्वास्थ्य में भ्रष्टाचार और आतंकवाद के आरोपितों को संरक्षण भी ‘मनीफेस्टो’ का हिस्सा होने का किया कटाक्ष

21 नवंबर, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित चुनावी घोषणापत्र को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने घोषणापत्र को ‘मनीफेस्टो’ बताते हुए तंज कसा कि अखिलेश अपने ‘सैफई सिंडिकेट’ का पूरा मनीफेस्टो तैयार कर लें। इसके साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, वसूली, जमीन कब्जे, स्वास्थ्य सेवाओं और आतंकवाद के आरोपितों से जुड़े मामलों को लेकर पूर्ववर्ती सपा सरकार को घेरा।

राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी! सुना है आप चुनावी ‘मनी’फेस्टो जारी करने वाले हैं?” उन्होंने कहा कि घोषणापत्र को लेकर डींग हांकने के बजाय अखिलेश को अपने ‘मनीफेस्टो’ का मूल तत्व भी बता देना चाहिए।

हर जिले में ‘माफिया संरक्षक’ का कसा तंज

राजभर ने कटाक्ष किया कि सपा के ‘मनीफेस्टो’ की पहली घोषणा हर जिले में एक-एक ‘माफिया संरक्षक’ बैठाने की होगी। उसके नीचे हजारों युवाओं को हथियार देकर गुंडागर्दी का ‘पक्का रोजगार’ दिया जाएगा। महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को खुली छूट देने की बात भी उन्होंने व्यंग्यात्मक तरीके से ‘मनीफेस्टो’ में शामिल बताई।

राजभर ने गैर-यादव पिछड़ों के उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सिर उठाने की कोशिश करने वालों की जमीन कब्जाने, मारपीट करने और हत्या तक की छूट सपा के गुंडों को मिलने की बात इस ‘मनीफेस्टो’ में होगी।

थाना-मंडी तक ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति

सुभासपा अध्यक्ष ने सपा शासन में वसूली और दलाली के आरोपों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने तंज कसा कि ब्लॉक और तहसील से लेकर थाना और मंडी तक ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति का वादा होगा। जो जितनी दलाली करेगा, उसे ‘सैफई सिंडिकेट’ में उतना ही प्रमोशन मिलेगा।

स्वास्थ्य और आतंकवाद के मुद्दे पर भी घेरा

राजभर ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अस्पतालों में उपकरणों की खरीद, नकली दवाओं और ठेकेदारी में भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए इसे भी अखिलेश के कथित ‘मनीफेस्टो’ से जोड़ा।

उन्होंने आतंकवाद के आरोपितों से जुड़े मुकदमों को लेकर भी सपा पर कटाक्ष किया। राजभर ने कहा कि आतंकवादियों को संरक्षण देने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई से बचाने की व्यवस्था भी इस ‘मनीफेस्टो’ का हिस्सा होगी। साधु-संतों के साथ हुई घटनाओं और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार को घेरा।

पोस्ट के अंत में राजभर ने अखिलेश के सत्ता में वापसी के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि न सरकार बनने वाली है और न ‘मनीफेस्टो’ के वादे पूरे करने का दबाव आएगा। इसलिए अखिलेश अपनी “ख्याली पतंग” उड़ाते रहें और लंबी-लंबी डींग हांकते रहें।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button