उत्तर प्रदेशलखनऊ

दो दिन में 317 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उपहार देंगे सीएम योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन (14 व 15 फरवरी) के अलग-अलग कार्यक्रमों में जन कल्याण के कार्यों को नई ऊंचाई देने के साथ ही करीब 317 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। बुधवार (14 फरवरी) को वह 252 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 91 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। जबकि गुरुवार (15 फरवरी) को 60 करोड़ रुपये की एक महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास और करीब पांच करोड़ रुपये की एक परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इन दो दिनों में वह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति वंदन, गांव चलो अभियान के कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

सीएम योगी के बुधवार को दोपहर बाद गोरखपुर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सबसे पहले वह खाद कारखाना परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचेंगे। यहां करीब एक हजार जोड़ों का विवाह संपन्न होना है। मुख्यमंत्री इन जोड़ों को उपहार और आशीर्वाद प्रदान करेंगे। इसी कार्यक्रम के मंच से सीएम योगी विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के 91 विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इन विकास कार्यों पर 252 करोड़ 06 लाख 46 हजार रुपये की लागत आएगी। इनमें 131.50 करोड़ रुपये की जल निगम (ग्रामीण) की 36 पेयजल परियोजनाएं शामिल हैं। बुधवार को सायंकाल मुख्यमंत्री रजही आजादनगर (वनटांगिया गांव) आकर गांव चलो अभियान के कार्यक्रम में सम्मिलित होकर ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगे।

गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पूर्वाह्न योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़कर स्वावलंबी हो रही महिलाओं को सम्मानित करने के साथ स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में आयोजित समारोह में 60 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास और करीब पांच करोड़ रुपये की परियोजना का लोकार्पण करेंगे। मेडिकल कॉलेज में 50 यूजी सीटों की वृद्धि के लिए 60 करोड़ रुपये से नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। जबकि यहां एक मेगावाट क्षमता के सोलर रूफटॉप प्लांट का लोकार्पण होना है। इससे मेडिकल कालेज के विद्युत व्यय में प्रति वर्ष 72 लाख रुपये की बचत होगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button