उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

वाराणसी में साड़ी फैक्टरी में लगी भीषण आग, चार लोग जिंदा जले

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र के अशफाक नगर स्थित एक साड़ी फैक्टरी में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग में पिता और पुत्र समेत चार लोगों की जलने से मौत हो गई। मदनपुरा निवासी आरिफ जमाल (45) अपने बेटे मोहम्मद शाबान (22) के साथ अशफाक नगर में किराये का कमरा लेकर साड़ी की छोटी सी फैक्टरी चलाते थे। उन्होंने बिहार के अररिया निवासी एजाज (18) और मुंतशिर (19) को कारखाने में सहायक के तौर पर रखा था। सभी लोग मिलकर साड़ी पैकेजिंग का काम भी करते थे।

दोपहर में कमरे में खाना बनाने के दौरान बिजली के तारों में अचानक आग लग गईं और देखते ही देखते इसने भयावह रूप ले लिया। आग की लपटों और कमरे में फंसे लोगों की चीख पुकार पर आसपास के लोग जुटे और आग बुझाने का प्रयास करने के साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया। घटनास्थल पर अग्निशमन की टीम पहुंची और आग बुझाने में जुट गयी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, कमरे में आग की भयावह लपटों में घिरे आरिफ जमाल, मोहम्मद शाबान, एजाज और मुंतशिर की मौत हो गई।

इस हादसे की जानकारी पाते ही जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और अन्य अफसर मौके पर पहुंचे।जिलाधिकारी ने बताया कि साड़ी फिनिशिंग के 12 ×10 फुट के कमरे में साड़ी, फोम, फिनिशिंग सामग्री रखी थी जो सिंथेटिक थी। इसी वजह से आग कमरे में तेजी से फैल गई। आग को रोकने के प्रयास में ही चारों लोग कमरे से बाहर निकल नहीं पाए। इस दुखद घटना में मदनपुर निवासी पिता-पुत्र और बिहार के अररिया निवासी दो युवकों की मौत हो गई। शाम तक पोस्टमॉर्टम करा कर शव उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतकों के आश्रितों को आपदा राहत के अंतर्गत समुचित मुआवजा दिलाने के लिए कार्रवाई शुरू की गई है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button