उत्तर प्रदेशबाराबंकीराज्य

बाराबंकी: नहीं रहा हर्रई वाला बाबा, निसंतान महिलाओं को देता था पुत्र की गारंटी वाला आशीर्वाद, वायरल हुए थे कई अश्लील वीडियो

बाराबंकी। बेऔलाद महिलाओं को पुत्र रत्न का आशीर्वाद देने का दावा करने वाले तथाकथित बाबा परमानंद की हार्ट अटैक से मौत हो गई। आपको बता दें कि साल 2016 में हर्रई वाले बाबा के कई अश्लील वीडियो वायरल हुए थे। जिसमें वह महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करता देखा गया था। जिसके बाद पुलिस ने बाबा गिरफ्तार किया था।

तत्कालीन एसपी अब्दुल हमीद ने बाबा के ऊपर कई केस दर्ज किए थे। हालांकि काफी लंबे समय तक जेल में रहने के बाद बीते कुछ दिनों से बाबा को जमानत मिली हुई थी। इन दिनों वह अपने घर पर था। बाबा परमानंद को हार्ट अटैक आने के बाद राजधानी लखनऊ के लारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बाबा की मौत हो गई।

आपको बता दें कि बाबा परमानंद का पूरा नाम रामशंकर था। उसने करीब 30 साल पहले अपने घर के बाहरी कमरे में एक मूर्ति स्थापित की। वहीं ढोलक और हारमोनियम लेकर तंत्र-मंत्र व पूजा-पाठ करने लगा। शुरुआत में झाड़-फूंक करने के साथ ही वह म्यूजिक थेरेपी से हर मर्ज का इलाज कर उसे ठीक करने का दावा करता था। उसने अपने लोगों के माध्यम से मर्ज में फायदा होने का ढिंढोरा पिटवाया और फिर वहां लोगों की भीड़ बढ़ने लगी।

आगे चलकर यही जगह आश्रम हर्रई धाम के नाम से जानी जाने लगी। हर्रई आश्रम में रोजाना बड़ी संख्या में देशभर से ही नहीं, बल्कि नेपाल और भूटान से भी महिलाएं पुत्र की प्राप्ति की आस में आती थीं। यहां तक कि बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए बड़े-बड़े नेताओं और अधिकारियों का भी जमावड़ा आश्रम में लगता था।

आगे चलकर वह शक्ति बाबा उर्फ कल्याणी गुरु के नाम से मशहूर हो गया। बाबा गेरुआ वस्त्र और सफेद दाढ़ी की वेशभूषा में रहता था। वह गले में मोटी मोटी मालाएं और हाथों की सभी अंगुलियों में अंगूठी पहनता था। उसने आगे चलकर निसंतान लोगों को अपने आशीर्वाद से पुत्र रत्न की प्राप्ति की गारंटी देने शुरू कर दी। बाबा के एजेंट नए-नए लोगों को अपने जाल में फंसाकर आश्रम तक लाने लगे। इसके बाद बाबा एसी कमरे में बैठकर आशीर्वाद देने लगा। निसंतान महिलाओं को बाबा परमानंद नर्क में जाने और मुक्ति न मिलने का डर दिखाता था।

शनिवार से मंगलवार तक बाबा का दरबार लगता था, जिसमें कई महिलाएं आकर बताती थीं कि उन्हें आशीर्वाद के बाद संतान प्राप्ति हुई है। धीरे-धीरे भक्तों के साथ ही पुलिस, प्रशासन और कई नेता भी परमानंद का आशीर्वाद लेने दरबार में पहुंचने लगे थे। लेकिन साल 2016 में जब म्यूजिक थेरेपी की आड़ में आश्रम में निसंतान महिलाओं के यौन शोषण का मामला सामने आया और उसके कई वीडियो भी वायरल हुए। तो राज खुलने के बाद कथित बाबा फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद बाबा को जमानत मिली थी। जिसके बाद अब उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button