उत्तर प्रदेशगोरखपुर

यूपी: गोरखपुर में जल निगम की पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, ‘देवी मां’ के साथ सेल्फी की करने लगी जिद, फिर…

गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के पीपीगंज के वार्ड नंबर 18 की एक महिला जल निगम की पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह नाचते हुए ‘देवी मां’ के साथ सेल्फी लेने की जिद करने लगी। इसके बाद पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद महिला को पानी की टंकी से नीचे उतारा।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय पूनम देवी जल निगम की पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह ‘देवी’ के साथ सेल्फी लेने की जिद कर रही थी और फिर नाचने लगी। पुलिस के अनुसार डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार वह पूनम को सुरक्षित नीचे उतारने में कामयाब रही।

इसके बाद उसे उसके पति जय प्रकाश को सौंप दिया गया। महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं बताया जाता है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस के मुताबिक पूनम शुक्रवार शाम पांच बजे अपने घर से निकली और थाने की ओर बढ़ी और फिर पानी की टंकी पर चढ़ गई।

उसे पानी की टंकी पर देख राहगीरों ने उससे नीचे उतरने का आग्रह किया, लेकिन उसपर कोई असर नहीं हुआ। तब पुलिस को सूचित किया गया। इंस्पेक्टर अजीत यादव के अनुसार उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पूनम को नीचे उतारने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने इनकार कर दिया।

इसके बाद इंस्पेक्टर यादव ने अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाया। पुलिस के अनुसार ये सभी पुलिसकर्मी मिलकर पानी की टंकी पर चढ़े और उसे सफलतापूर्वक बचाया। पुलिस ने यह भी बताया कि पूनम का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है, वह पहले भी तालाब में कूद चुकी है और ट्रक के आगे कूदने का प्रयास कर चुकी है। (इनपुट: भाषा)

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button