उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

मंकीपॉक्स संक्रमण को देखते हुए प्रदेश में सावधानी बरती जाए: सीएम योगी

  • उच्चस्तरीय टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न देशों में मंकीपॉक्स के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश में सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुधवार को यहां टीम-09 की बैठक कर कोविड व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति संतोषप्रद है। 33 करोड़ से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18 साल आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 93.44 प्रतिशत से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15-17 आयु वर्ग के 98.21 फीसदी किशोरों और 12 से 14 आयु वर्ग के 90.16 प्रतिशत से अधिक बच्चों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। पात्र लोगों को टीके की दूसरी खुराक समय से दिया जाए। 18 साल की आयु के लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने में तेजी की अपेक्षा है। बूस्टर डोज की महत्ता और बूस्टर टीकाकरण केंद्रों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में कोविड के नए केस में बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि उत्तर प्रदेश में पॉजिटिविटी दर न्यूनतम है। वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 914 है। 849 लोग होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। विगत 24 घंटों में 96 हजार से अधिक टेस्ट किए गए और 170 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 159 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर हमें सतर्क रहना होगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विभिन्न देशों में मंकीपॉक्स संक्रमण के बढ़ते केस को देखते हुए प्रदेश में सावधानी बरती जाए। मंकीपॉक्स के लक्षण, उपचार आदि के बारे में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आमजन को जागरूक किया जाए। संदिग्ध लक्षण वाले लोगों के रक्त आदि की समुचित जांच कराई जाए।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button