उत्तर प्रदेशलखनऊ

नन्दिनी कृषक समृद्ध योजना के माध्यम से उ0प्र0 में श्वेत क्रान्ति लाने की पहल

उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत उत्तर प्रदेश में श्वेत क्रान्ति लायी जायेगी। इसके लिए ‘‘नन्दिनी कृषक समृद्ध योजना’’ प्रारम्भ करने का प्रस्ताव किया जा रहा है। जिसके तहत पशुपालकों एवं कृषकों को 25 स्वदेशी उन्नतिशील नस्ल की गाय उपलब्ध करायी जाएंगी। जिससे दुग्ध उत्पादन में बढ़ोत्तरी होगी और श्वेत क्रान्ति की परिकल्पना साकार होगी। नन्दिनी कृषक समृद्ध योजना से गौवंशीय देशी नस्ल को बढ़ावा मिलेगा और कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में कृषकों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र मील का पत्थर साबित होगी।

पशुधन और दुग्ध विकास मंत्री ने कल यहां विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में कृत्रिम गर्भाधान और दुग्ध उत्पादन कार्यक्रम पर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिन जनपदों में पशुओं में लम्पी रोग के संक्रमण की कोई भी सूचना प्राप्त हो वहां तत्काल वैक्सीनेशन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाय और किसी भी दशा में संक्रमण फैलने न पाये और रोग के बचाव एवं रोकथाम के सभी उपाय किये जाएं। उन्होंने निर्देश दिये कि लम्पी रोग की संभावना के दृष्टिगत प्रदेश स्तर पर लम्पी रोग के मानिटरिंग हेतु नोडल अधिकारी नामित किया जाए और उसके द्वारा नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए। उन्होंने निदेशालय में कन्ट्रोल रूम की स्थापना किये जाने के भी निर्देश दिये।

धर्मपाल सिंह ने पशुधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि गलाघोंटू टीकाकरण अभियान में तेजी लायी जाय और सभी पशुओं का टीकाकरण किया जाय। यह ध्यान दिया जाए कि किसी भी संक्रामक रोग के कारण पशुधन की हानि न हो। इसके अतिरिक्त वर्षा ऋतु के दृष्टिगत गोआश्रय स्थलों में चारे, भूसे, प्रकाश, टीनशेड, चिकित्सीय सुविधा एवं पेयजल आदि की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने निर्देश दिये कि कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्यों को शीघ्र पूरा किया जाय। पैराबेट्स और पशुमित्रों को प्रशिक्षित किया जाय और उनके देयकों का समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाय।

दुग्ध विकास मंत्री ने दुग्ध विकास के अधिकारियों को निर्देश दिये कि नंद बाबा मिशन के कार्यों को सुचारू रूप से किया जाय और ‘‘क्वालिटी मिल्क फॉर ऑल’’ पर विशेष ध्यान दिया जाय और पराग के उत्पादों की ब्राण्डिग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि दुग्ध समितियों का गठन में तेजी लाई जाए।

बैठक में पशुधन एवं दुग्ध विकास के अपर मुख्य सचिव डा0 रजनीश दुबे ने मंत्री जी को अवगत कराया कि लम्पी स्किन डिजीज के लिए विशेष रूप से नई वैक्सीन तैयार की गई है, जिसका ट्रायल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जनपद बलरामपुर, गोरखपुर और मथुरा में किया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि पशुचिकित्साधिकारी ब्लाक स्तर पर जाकर कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रमों के संचालन में सहयोग करें और विभिन्न योजनाओं के लक्ष्यों को शीघ्र ही पूरा करें।

बैठक में दुग्ध आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील, पशुधन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र पाण्डेय, विशेष सचिव शिवसहाय अवस्थी, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक आनन्द कुमार, दुग्ध विकास विभाग के विशेष सचिव रामसहाय यादव, निदेशक पशुपालन डा0 इन्द्रमणि, एलडीडीबी के डा0 नीरज गुप्ता, अपर निदेशक गोधन डा0 जयकेश पाण्डेय तथा पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button