उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी में 18 जून को गोरखपुर से एंट्री करेगा मानसून; झमाझम बरसेंगे बदरा, अभी 5 दिन भीषण गर्मी का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों एक बार फिर से दिन के समय भीषण गर्मी के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं. गर्म हवाएं झुलसाने का काम कर रही है. मंगलवार को उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में हीट वेव कंडीशन जारी रही.

दिन में सड़कों पर सन्नाटा नजर आया. लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में रुकने पर मजबूर किया. मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश में आने वाले 5 दिन तक हीट वेव कंडीशन जारी रहने की चेतावनी जारी की है. इस दौरान लोगों से धूप में न निकलने की सलाह भी मौसम विज्ञान विभाग ने दी है.

यूपी में कब आएगा मानसून, बेसर्बी से हो रहा इंतजार: भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए लोगों को मानसून का इंतजार है. हालांकि, भारत में मानसून समय से एक दिन पहले प्रवेश कर चुका है. केरल से होते हुए धीरे-धीरे गुजरात पहुंचने के बाद इसके 18 से 20 जून तक उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचने की संभावना है. 27 जून तक संपूर्ण उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश होने का अनुमान मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जताया गया है. मौसम विज्ञान विभाग ने इस बार भीषण गर्मी की तरह उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की है.

इन जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाज़ीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया में लू चलने की संभावना है.

यूपी में कौन सा जिला रहा सबसे गर्म: उत्तर प्रदेश के सबसे अधिक गर्म जिले लखनऊ 45, बाराबंकी 44.5, कानपुर देहात 46, कानपुर नगर 44, वाराणसी 45, बहराइच 45, प्रयागराज 47, सुल्तानपुर 45, अमेठी 45, अलीगढ़ 45 ,हमीरपुर 44, बस्ती 44 सोनभद्र 44, गोरखपुर 44, बुलंदशहर 44 रहे. मंगलवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वहीं बिजनौर जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह से ही आसमान साफ रहे दिन में 20 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रही. अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को भी राजधानी लखनऊ में आसमान साफ रहेगा, तेज धूप खिलेगी. दिन में गर्म हवाएं चलती रहेंगी. अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की गई है.

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले चार से पांच दिन तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हीट वेव कंडीशन जारी रहेगी. दिन में 20 से लेकर 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button