उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

अब कम दाम में आपको मिलेंगी डोर-टू-डोर सर्विस, महापौर ने डिजिटल यूजर चार्जेस में किया भारी संशोधन

लखनऊ। नगर निगम ने शहरवासियों को और बेहतर सफाई सेवाएं व डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को अधिक सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से यूजर चार्जेस की दरों में संशोधन किया है। साथ ही डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने को ऑनलाइन भुगतान पर विशेष छूट की घोषणा भी की है।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने शुक्रवार को अपने निजी आवास का यूजर चार्ज ऑनलाइन जमा करके आम जन के लिए सेवा की शुरुआत की। इसके बाद वहां मौजूद चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक कुमार, आम नागरिक वीएम पाठक और नेहा सिंह ने महापौर की अपील पर अपना यूजर चार्ज मौके पर जमा किया। महापौर ने कहा कि डिजिटल इंडिया और स्वच्छ लखनऊ के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। नागरिकों को अब घर बैठे यूजर चार्ज और हाउस टैक्स जमा करने की सुविधा मिलेगी, साथ ही समय से भुगतान करने पर उन्हें छूट का लाभ भी मिलेगा।

30 जून तक एक मुश्त भुगतान पर 10 फीसदी छूट

लागू नई योजना के तहत ऑनलाइन एकमुश्त भुगतान करने पर अधिकतम 10 फीसदी तक की छूट नागरिकों को प्रदान की जाएगी। यह छूट 30 जून 2025 तक मान्य होगी। ऑनलाइन भुगतान पर छूट UPI/BBPS/Net Banking/Cards पर मिलेगी। वहीं 30 जून के बाद 10 फीसदी की छूट सिर्फ उन लोगों को ही हाउस टैक्स पर मिलेगी जो हाउस टैक्स के साथ अपना यूजर चार्ज एकमुश्त जमा कर रहे हैं।

यूजर चार्ज में आठ वर्ष बाद संशोधन

नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक 24 मार्च 2025 को बाबू राजकुमार श्रीवास्तव कक्ष में आयोजित की गई थी। इसमें प्रस्ताव संख्या (6) के अंतर्गत यूजर चार्ज की दरों में संशोधन को सर्वसम्मति से पारित किया गया। पूर्व में लागू दरें वर्ष 2017 से अब तक यथावत थीं।

नई व्यवस्था में ये शामिल

– जिन भवनों का वार्षिक मूल्य 5 हजार रुपये तक है, उनसे 50 रुपये प्रति माह यूजर चार्ज लिया जाएगा। वहीं वार्षिक यह राशि 600 रुपये वसूली जाएगी। एकमुश्त यूजर चार्ज जमा करने पर आपको 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
– 5 हजार से अधिक मूल्य वाले भवनों एवं फ्लैट्स/अपार्टमेंट से 100 रुपये प्रति महीना शुल्क लिया जाएगा। जबकि वार्षिक यह राशि एक हजार रुपये वसूली जाएगी। एकमुश्त यूजर चार्ज जमा करने पर आपको 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
– 10 प्रतिशत छूट 30 जून के बाद सिर्फ उन्हें मिलेगी जो जमा करेंगे एकमुश्त यूजर चार्ज

भुगतान के बाद भी कोई पैसे मांगे तो यहां करें शिकायत

महापौर ने कहा अगर ऑनलाइन यूजर चार्ज जमा करने के बाद भी कोई कूड़ा उठाने के लिए अलग से राशि मांगता है तो वह उनके कार्यालय के नंबर 6389200005 पर शिकायत कर सकता है। वहीं, नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई दरों और छूट योजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएं और वसूली की प्रक्रिया को प्रभावी व सुगम बनाया जाए।

यह होंगे मुख्य फायदे

– शत-प्रतिशत कूड़ा संग्रहण
– ऑनलाइन भुगतान से नागरिकों को लाभ
– शोषण रहित वसूली और पारदर्शिता
– सीधी बैंकिंग और पारदर्शी लेखा प्रणाली
– सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार
– नालियों में कूड़ा फेंकने की खत्म होगी प्रवृत्ति
– स्वच्छता रैंकिंग में सुधार

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button