उत्तर प्रदेश

PM Modi Lucknow Visit: 52 मेधावियों को सम्मानित करेंगे पीएम मोदी, कुर्ता-पायजामा और सदरी में दिखेंगे छात्र

राजधानी लखनऊ में शनिवार, 21 नवंबर को कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह देशभर के 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे। समारोह की खास बात यह है कि सम्मान पाने वाले विद्यार्थी पारंपरिक लखनवी परिधान कुर्ता-पायजामा और सदरी में नजर आएंगे।

प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। समारोह में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (IToT) के राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।

52 मेधावियों में 37 छात्र और 15 प्रशिक्षक प्रशिक्षार्थी

इस वर्ष सम्मानित होने वाले 52 मेधावियों में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के 37 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। इनमें 18 पुरुष और 19 महिलाएं हैं। वहीं, शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) के 15 प्रशिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें सात पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं।

इन सभी ने अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (AITT) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। समारोह में प्रधानमंत्री मंच पर 10 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को स्वयं प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे।

लखनऊ के तीन मेधावी भी होंगे सम्मानित

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अलीगंज के तीन प्रशिक्षार्थियों ने अपनी उपलब्धियों से राजधानी का नाम रोशन किया है।

  • शाहबाज खान: इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में 750 में से 745 अंक हासिल कर अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया।

  • प्रतिभा: इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में 750 में से 745 अंक हासिल किए।

  • अब्दुल मोबिन: मैकेनिक डीजल ट्रेड में 600 में से 599 अंक प्राप्त कर सेंट्रल जोन से अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया।

तीनों की उपलब्धियों को कौशल दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के स्वागत में तिरंगा लेकर पहुंचेंगे 600 विद्यार्थी

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए करीब 600 जेनरेशन-जी (Gen-Z) विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है। ये छात्र-छात्राएं अपनी स्कूल की निर्धारित ड्रेस में तिरंगा लेकर समारोह स्थल पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शहर के कुछ प्रमुख चौराहों पर भी विद्यार्थी तिरंगा लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत करते नजर आएंगे।

समारोह की तैयारियों के तहत शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। सम्मानित होने वाले मेधावियों ने भी मंच पर सम्मान प्राप्त करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

कौशल विकास और रोजगार को मिलेगा प्रोत्साहन

पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी। इसका उद्देश्य व्यावसायिक शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय पहचान देना है। इसके माध्यम से प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को रोजगार और कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

इस वर्ष समारोह में देशभर के कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में कौशल विकास से जुड़े उद्योग भागीदारों और प्रशिक्षित युवाओं की सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button